कोरोना संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच, भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है और चालू वित्त वर्ष में 400 अरब डॉलर के उत्पाद निर्यात के लक्ष्य को प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देश के किसानों, एमएसएमई और निर्यातकों को बधाई दी है।

पीएम मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी और कहा, “भारत ने पहली बार 400 अरब डॉलर के उत्पाद निर्यात के लक्ष्य को हासिल किया है। इस सफलता के लिए मैं अपने किसानों, एमएसएमई, निर्माताओं, निर्यातकों को बधाई देता हूं। यह हमारी ‘आत्मनिर्भर भारत’ यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।”

पीएम मोदी द्वारा शेयर किए गए ट्वीट में बताया गया है कि सरकार ने तय सीमा से 9 दिनों पहले ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया है। आंकड़ों के मुताबिक, प्रत्येक घंटे 46 मिलियन डॉलर का उत्पाद निर्यात किया गया, भारत ने हर दिन औसतन एक बिलियन डॉलर के उत्पाद का निर्यात किया है। महीनों के रूप में देखें तो औसतन 33 बिलियन डॉलर का उत्पाद निर्यात किया गया है।

वित्त वर्ष 2020-21 में भारत का उत्पाद निर्यात 292 बिलियन डॉलर का था, जबकि, वित्त वर्ष 2021-22 में भारत का उत्पाद निर्यात 400 बिलियन डॉलर का हो गया है, जो 37 प्रतिशत ज्यादा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा, “पीएम मोदी के ‘लोकल गोज ग्लोबल’ का स्पष्ट आह्वान एक वास्तविकता है। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत ने एक वर्ष के भीतर 400 बिलियन डॉलर के उत्पाद निर्यात के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच दिया है।”

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत निर्यात के क्षेत्र में पावरहाउस बनने की दिशा में अग्रसर है। मेक इन इंडिया का शेर दुनिया भर में दहाड़ रहा है। इसके पहले, फरवरी में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था, “लगातार 10 महीनों में, अप्रैल 2021 से जनवरी 2022 तक, भारत ने 30 बिलियन डालर से अधिक का निर्यात किया है। हम पहले ही 334 बिलियन डॉलर के निर्यात को पार कर चुके हैं जो कि भारत द्वारा पूरे 12 महीने की अवधि में किए गए सबसे अधिक निर्यात से अधिक है।”