झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जारी है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को प्रचार के लिए गढ़वा पहुंचे। जहां एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी भी झारखंड में बहुत से लोग झोपड़ी में नजर आते हैं। अगर ऐसे लोग दिखें तो उनसे कहना कि 23 तारीख को बीजेपी की सरकार आने वाली है। फिर उनका पक्का मकान बन जाएगा। इसके साथ ही मोदी ने सभा में मौजूद सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को ही मोदी कहा। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद हर कार्यकर्ता मोदी है। आप सभी जनता से वादा कर देना मैं उस वादे को पूरा करूंगा। इस दौरान पीएम ने झारखंड में सत्तारुढ़ पार्टी पार्टी जेएमएम और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया।

पीएम ने दी जनता को बधाई

पीएम मोदी ने भाजपा द्वारा झारखंड के लिए जारी किए गए संकल्प पत्र को लेकर जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘मैं झारखंड की जनता को बधाई देता हूं, कल झारखंड में बीजेपी ने बहुत बढ़िया संकल्प पत्र जारी किया है। यह संकल्प पत्र बेटी-माटी-सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के प्रति समर्पित है।’

पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें-

प्रधानमंत्री ने रैली के दौरान कहा कि जहां एक तरफ बीजेपी अपनी गारंटी को पूरा करने का रिकॉर्ड बना रही है। वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के वादे पूरे झूठे हैं। इसी वजह से बीते 5 सालों तक झारखंड की माताओं और बहनों के लिए कुछ नहीं किया। 

झारखंड के युवाओं में है बहुत टैलेंट

पीएम ने गढ़वा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में युवाओं के पास बहुत टैलेंट है। यहां के हमारे युवा बेटे और बेटियां खेल के मैदान में अपना प्रदर्शन करते हैं। लेकिन झारखंड की सरकार में शामिल जेएमएम, कांग्रेस और राजद ने मिलकर यहां के युवाओं के साथ धोखा किया है। चुनाव से पहले (जेएमएम-कांग्रेस) गठबंधन ने नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। लेकिन इन लोगों ने वादा नहीं पूरा किया।

पीएम ने कहा कि झारखंड भर्तियों में धांधली और पेपर लीक जैसे का उद्योग बन गया है। इसी वजह से सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवानों की मौत हो गई थी। लेकिन अब झारखंड को भाजपा ने इस स्थिति से बदलने का निर्णय किया है। राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद करीब 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शिता के साथ भरे जाएंगे।