PM Modi Poland and Ukraine Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय पोलैंड दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। पिछले 45 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली पोलैंड यात्रा है। इससे पहले 1979 में मोरारजी देसाई वहां गए थे।
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘वारसॉ के लिए रवाना हो रहा हूं। पोलैंड की यह यात्रा एक विशेष समय पर हो रही है- जब हम अपने देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। भारत पोलैंड के साथ गहरी दोस्ती को संजोए हुए है। लोकतंत्र और बहुलवाद के प्रति प्रतिबद्धता से यह और मजबूत होता है। मैं राष्ट्रपति से बातचीत करूंगा और पीएम से मैं आज शाम वारसॉ में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करूंगा।’
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की के निमंत्रण पर यूक्रेन जाऊंगा। यह यात्रा उनके साथ पहले की चर्चाओं को आगे बढ़ाने और भारत-यूक्रेन मैत्री को और गहरा करने का अवसर होगा। हम चल रहे यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर भी अपने विचार साझा करेंगे। एक मित्र और साझेदार के रूप में, हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र वापसी की आशा करते हैं।’
बीबीसी के मुताबिक, पीएम मोदी के दौरे को लेकर यूरोपीय संसद के सदस्य डेरियस जोंस्की ने कहा कि पॉलिटिक्स और बिजनेस को लेकर पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा हमारे लिए काफी अहम है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी 21-23 अगस्त तक पोलैंड आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। 23 अगस्त को पीएम मोदी यूक्रेन रवाना हो जाएंगे।
मोदी पोलैंड के राष्ट्रपति-पीएम और भारतीय समुदाय से मिलेंगे
भारतीय प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना के 70 साल भी पूरे हो रहे हैं। सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी का पोलैंड की राजधानी वारसॉ में स्वागत होगा। इसके बाद वे पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज सेबेस्टियन डूडा से मुलाकात करेंगे और फिर प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी पोलैंड में भारतीय समुदाय के साथ भी मुलाकात करेंगे। पोलैंड में भारतीय समुदाय के 25 हजार लोग रहते हैं। इसमें लगभग पांच हजार छात्र है। प्रधानमंत्री जामनगर और कोल्हापुर के महाराजाओं के स्मारकों का दौरा भी कर सकते हैं। यह भारत और पोलैंड के बीच ऐतिहासिक संबंधों की निशानी है। महाराजा दिग्विजय सिंहजी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हजारों पोलिश शरणार्थियों को शरण दी थी।
भारत दुनिया की आवाज- पोलैंड के राजदूत
प्रधानमंत्री मोदी के पोलैंड दौरे पर पोलैंड के राजदूत सेबेस्टियन डोमजाल्स्की ने कहा कि भारत दुनिया की आवाज है। मोदी की यात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ताकतवर संदेश देगी कि भारत शांति के पक्ष में हैं। उनके यात्रा के दौरान, तकनीक, डिफेंस और सुरक्षा बातचीत के अहम मुद्दें रहेंगे।
25 जून, 1955 को पहली बार नेहरू गए थे पोलैंड
सबसे पहले भारत के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू 25 जून 1955 को पोलैंड गए थे। इसके बाद इंदिरा गांधी 8 अक्टूबर 1967 को पोलैंड यात्रा पर गई थी। फिर मोरारजी देसाई 14 जून 1979 को पोलैंड यात्रा पर जाने वाले आखिरी भारतीय प्रधानमंत्री थे। इसके 45 साल बाद अब मोदी वहां जा रहे हैं।
पीएम मोदी 23 अगस्त को जाएंगे यूक्रेन
पोलैंड यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन जाएंगे। मोदी पोलैंड से ट्रेन से यूक्रेन जाएंगे। रूस-यूक्रेन जंग के बीच उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी को यूक्रेन आने का न्योता दिया था। इससे पहले पीएम मोदी 8 और 9 जुलाई को रूस के दौरे पर भी गए थे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब यूक्रेन ने कुछ दिनों से रूस की सीमा में घुसकर हमले शुरू कर दिए हैं। यूक्रेन ने रूस के कुछ इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है।
भारत-पोलैंड के बीच बढ़ा व्यापार
भारत और पोलैंड के बीच 2023 में 5.72 बिलियन डॉलर का व्यापार हुआ है। 2013 से 2023 तक दोनों देशों के बीच 192% व्यापार बढ़ा है। 2023 में भारत ने पोलैंड के साथ 3.95 बिलियन डॉलर का निर्यात और 1.76 बिलियन डॉलर का आयात किया था।
भारत का पोलैंड में 3 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश है। भारतीय आईटी कंपनियां पोलैंड में लगभग 10,000 लोगों को रोजगार देती है। वहीं, पोलैंड का भारत में 685 मिलियन डॉलर का निवेश है।