प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह 11 बजे मन की बात कार्यक्रम के 103वें संस्करण को संबोधित किया।  मन की बात का यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित किया जाता है।  102वां एपिसोड 18 जून (रविवार) को प्रसारित किया गया था तब पीएम मोदी संयुक्त राज्य अमेरिका की विदेश यात्रा करने वाले थे।

मन की बात कार्यक्रम के 103वें एपिसोड में पीएम मोदी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में आई बाढ़ का भी ज़िक्र किया। वहीं पीएम ने कहा कि इस बार भी 15 अगस्त पर हर घर तिरंगा फहराया जाना चाहिए। 

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “आपको जानकर खुशी होगी कि बनारस पहुंचने वाले लोगों की संख्या भी रिकॉर्ड तोड़ रही है, अब हर साल 10 करोड़ से ज्यादा पर्यटक काशी पहुंच रहे हैं।” पीएम ने उत्तर प्रदेश में एक दिन में 30 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड बताया, पीएम ने कहा कि यह जनभागीदारी, जागरूकता का उदाहरण है। 

मन की बात की अहम बातें 

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सावन के महीने पर बोलते हुए कहा कि इस दौरान देश में तीर्थ स्थलों का महत्व बढ़ा है और पूरी दुनिया से लोग यहां आ रहे हैं। पीएम ने बीते दिनों देशभर में आई बाढ़ को लेकर चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि इस दौरान हमारी सेना ने लाजवाब काम किया है।

आगे पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका ने भारत को सौ से ज्यादा दुर्लभ और प्राचीन कलाकृतियां लौटाई हैं। पीएम मोदी ने कहा, ”भारत लौटीं ये कलाकृतियां कई साल पुरानी हैं। आपको यह जानकर भी खुशी होगी कि ये दुर्लभ वस्तुएं देश के अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन्हें टेराकोटा, पत्थर, धातु और लकड़ी का उपयोग करके बनाया गया है। इनमें से कुछ हैं ऐसे कि ये आपको आश्चर्य से भर देंगे। अगर आप इन पर एक नजर डालेंगे तो मंत्रमुग्ध रह जाएंगे। इनमें से आपको 11वीं सदी की खूबसूरत बलुआ पत्थर की मूर्ति भी देखने को मिलेगी। यह एक ‘अप्सरा’ नृत्य की कलाकृति है , जो मध्य प्रदेश का है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 103वें संस्करण के दौरान कहा कि भारत ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। करीब 1.5 लाख किलोग्राम ड्रग्स की खेप जब्त करने के बाद उसे नष्ट कर दिया गया है। भारत ने 10 लाख किलोग्राम ड्रग्स को नष्ट करने का अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया है।