दिग्गज भाजपा नेत्री और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के परिवार के सदस्य का भी नाम पैंडोरा पेपर्स की सूची में सामने आया है। राजे की बहू यानी दुष्यंत सिंह की पत्नी निहारिका राजे का नाम पैंडोरा पेपर्स में है। बताया गया है कि सेंट्रल अमेरिका के टैक्स हैवन बेलीज में एक कंपनी की ‘बेनिफिशियल ओनर’ हैं।
पनामानियन लॉ फर्म ऐल्कोगल के रेकॉर्ड के मुताबिक निहारिका राजे ऑक्टाविया लिमिटेड नाम की कपंनी से मुनाफा लेती रही हैं। पानामा से जुड़े रेंडर ओवरसीज एसए नाम की कंपनी ने 12 नवंबर 2010 को कहा था कि अमेरिकी का बेलीज में 60 मार्केट स्क्वायर में स्थिति ओक्टालिया लिमिटेड में उसका कोई इंटरेस्ट नहीं है। कंपनी ने बताया था कि इसमें सारे शेयर निहारिका राजे के हैं।
रेंडर ओवरसीज एसए ने बताया था कि दिल्ली में भीकाजी कामा प्लेस के फ्लाइओवर के पास, लेखा विहार का अड्रेस है और इसकी बेनिफिशियल ओनर निहारिका राजे हैं। लोकसभा की वेबसाइट के मुताबिक यह अड्रेस दिवंगत विजय राजे सिंधिया का है जो कि वसुंधरा राजे की मां थीं।
बता दें कि साल 20109, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान दुष्यंत सिंह ने पत्नी सहित अपनी संपत्ति की जानकारी दी थी लेकिन इसमें कहीं भी ऑक्टेविया लिमिटेड का जिक्र नहीं किया गया था। पनामा पेपर्स में भी रेंडर ओवरसीज का नाम आया था। इसके पास कुछ अन्य कंपनियों के भी शेयर हैं।
दुष्यंत सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उनकी पत्नी का किसी भी विदेशी कंपनी से कोई लेना-देना नहीं है।
क्या हैं पैंडोरा पेपर्स?
बताते चलें कि पैंडोरा पेपर्स पत्रकारों द्वारा पड़ताल के बाद जारी की गई वह सूची है जिसमें ऐसे लोगों के नाम हैं जो कि टैक्स बचाने या फिर कानूनी फेरों से बचने के लिए अपने पैसे को किसी ऐसी जगह इन्वेस्ट करते हैं जहां के कानून इस काम में सहयोगी होते हैं। वहां के कानून के हिसाब से यह गलत नहीं होता लेकिन भारतीय कानून इसकी इजाजत नहीं देता है। इसे अनैतिक माना जाता है। इस सूची में दुनियाभर के कई दिग्गजों के नाम भी शामिल हैं।