Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए हर कोई बेताब नजर आ रहा है। भारत के कोने-कोने से लोग अपने राघव के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। इतना ही नहीं भारत के अलावा दुनियाभर के कई भक्त अयोध्या दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब सोचिए जब पूरी दुनिया राम की दीवानी हो चुकी हो तो पाकिस्तान उससे कैसे अछूता रह सकता है।

पाकिस्तान के सिंध प्रांत से भारत दर्शन के लिए निकला 200 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल आज दर्शन करने के लिए प्रयागराज से अयोध्या पहुंच रहा है। उनके साथ भारत में रहने वाले सिंध समुदाय के 150 लोग भी यात्रा कर रहे हैं। पाकिस्तानी राम भक्तों का श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय राम की पैड़ी पर स्वागत करेंगे। ये प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार दोपहर तक अयोध्या पहुंचेगा।

अयोध्या के सिंधी आश्रम में है विशेष कार्यक्रम

पाकिस्तान से आए प्रतिनिधिमंडल के लिए अयोध्या के सिंधी धाम आश्रम में एक विशेष समारोह का भी आयोजन किया गया है। जहां देश भर में रह रहे सिंधी संघ उनका स्वागत करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल के साथ संत सदा राम दरबार, रायपुर के पीठाधीश्वर डॉ. युधिष्ठिर लाल भी हैं। अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद पूरा प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात तक लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगा। जहां से पूरी टीम रायपुर जाएगी।

22 जनवरी को रामलला की हुई थी प्राण प्रतिष्ठा

बीते 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश-दुनिया के हजारों मेहमान अयोध्या पहुंचे थे। जिसमें देश के सभी प्रतिष्ठित लोगों ने भाग लेकर रामलला का दर्शन किया था। हालांकि अभी मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। जो जल्दी ही पूर्ण हो जाएगा। राम मंदिर के निर्माण के बाद से ही अयोध्या में भक्तों की भारी भीड़ रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रही है।