ऐसे खबरे आईं पाकिस्तान ने एक बार फिर से एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि पाकिस्तान की सेना की ओर से पुंछ के कृष्णा घाटी में फायरिंग की गई, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस समय नियंत्रण रेखा पर हाई अलर्ट है। हालांकि अब भारतीय सेना ने इस खबर का खंडन किया है।
भारतीय सेना ने एक बयान में कहा, “पुंछ क्षेत्र में संघर्ष विराम उल्लंघन के संबंध में कुछ मीडिया और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स आई हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि नियंत्रण रेखा पर कोई संघर्ष विराम उल्लंघन नहीं हुआ है।”
पीटीआई ने अधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया था, “पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पुंछ सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब दिया। 15 मिनट तक गोलीबारी जारी रही। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।”
पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पहलगाम में किया था हमला
बता दें कि पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में एक आतंकी हमले को अंजाम दिया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हुई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। 6 और 7 मई की रात को भारतीय सेना ने पाक में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए और सभी को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान बौखला गया और उसने भारत पर हमले किए, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए नाकाम कर दिया।
भारत ने दिया था जवाब
पाकिस्तान 4 से 5 दिन तक लगातार भारत पर हमले का प्रयास करता रहा लेकिन भारतीय सेना ने उसे मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें पाकिस्तान को काफी नुकसान हुआ। आखिर में पाकिस्तान की सेना ने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई थी, जिसके बाद दोनों देश सीजफायर के लिए सहमत हुए थे। हालांकि भारत ने साफ कह दिया था अगर आगे कोई भी आतंकी हमला होता है, तो भारत इसे एक्ट ऑफ वॉर मानेगा और उसी हिसाब से कार्यवाही करेगा।