पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कथित तौर पर एक व्यक्ति को कार से कुचलकर उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद भागने की कोशिश करते हुए सोमवार को भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। भारत ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारियों की कथित गिरफ्तारी पर भारत ने पाकिस्तान को कड़ा वक्तव्य जारी किया।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारियों की कथित गिरफ्तारी पर पाकिस्तान के मिशन प्रभारी को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। भारत ने पाकिस्तान को इस्लामाबाद में गिरफ्तार किए गए भारतीय अधिकारियों से पूछताछ या परेशान नहीं करने को कहा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
भारत का कहना है कि इस्लामाबाद में भारतीय कर्मियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीधे तौर पर पाकिस्तानी अधिकारियों की है। भारत की तरफ से पाकिस्तान को दोनों भारतीय अधिकारियों को आधिकारिक कार के साथ तत्काल इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग पहुंचाने को कहा गया है।
इससे पहले मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई। जियो न्यूज ने कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से अपनी खबर में कहा कि एक बीएमडब्ल्यू कार ने शहर की एंबेसी रोड पर सुबह करीब आठ बजे एक पैदलयात्री को टक्कर मारी और उसके बाद वहां से भागने की कोशिश की। अब तक पाकिस्तानी अधिकारियों या भारतीय उच्चायोग की तरफ से इस घटना के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
भारत ने सोमवार को नयी दिल्ली में पाकिस्तान के उप राजदूत को तलब कर इस्लामाबाद में दो भारतीय उच्चायोग कर्मियों की कथित गिरफ्तारी पर उनसे कड़ा विरोध व्यक्त किया था। यह घटना भारत द्वारा दो हफ्ते पहले पाकिस्तानी उच्चायोग के दो कर्मचारियों को जासूसी के आरोप में देश से निकाले जाने के बाद हुई है।