जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के करीब भारतीय चौकियों पर छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी कर दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जिसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘आज सुबह नौ बजकर करीब 55 मिनट पर पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के हमीरपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के करीब भारतीय चौकियों पर छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।’’
सीमा की पहरेदारी कर रहे सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की जो अंतिम खबर मिलने तक जारी थी।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल रात भी नौ बजे से 10 बजकर 45 मिनट तक पुंछ के हमीरपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के करीब अग्रिम इलाकों को निशाना बनाया। इसके बाद भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
अधिकारी ने बताया ‘‘पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में सैनिकों के पक्ष में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।’’