इस दौरान तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) की ताजा बुलेटिन के मुताबिक रविवार तक इन क्षेत्रों के लोगों को शीतलहर से थोड़ी राहत मिल सकती है। इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से हल्की बारिश या बर्फबारी और आस-पास के मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
आइएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 जनवरी को, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 से 16 जनवरी और बिहार के कुछ हिस्सों में 14 जनवरी तक ठंड की स्थिति बरकरार रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार और शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे कुछ दिनों के लिए शीतलहर से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आइएमडी ने कहा, ‘उत्तर-पश्चिम भारत में 15 जनवरी से घने से बहुत घना कोहरे और अलग-अलग स्थानों में शीत लहर की स्थिति का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।’
उसने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 14 से 17 तारीख के दौरान रात और सुबह के समय कुछ हिस्सों में घने कोहरे की प्रबल संभावना है। आइएमडी के अनुसार, दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों में कुछ इलाकों में 15 जनवरी से एक बार फिर शीतलहर चलने की संभावना है। मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे की परत छाई रहेगी।
आइएमडी के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 97 फीसद था। राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक इलाकों में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार को हल्के बादल छाए रहे।मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 12 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बनेगा। इसके असर से राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में 12-13 जनवरी को बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस दौरान व्यापक स्तर पर बारिश या मावठ होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं है।
विभाग के अनुसार, 14 जनवरी से राज्य के अधिकतर भागों में एक बार पुन: उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट होने से राज्य में शीतलहर का नया दौर बीकानेर संभाग से शुरू होगा। जबकि 15 जनवरी से शीतलहर की तीव्रता में बढ़ोतरी होने से बीकानेर, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के अधिकतर भागों में शीतलहर से तीव्र शीतलहर दर्ज होने की प्रबल संभावना है। बीते चौबीस घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान अलवर में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 9.1 डिग्री व संगरिया में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेष जगहों में से ज्यादातर स्थानों पर यह 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।