जम्मू में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है जहां भारी बारिश से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं। राज्य में भारी बारिश के चलते भूस्खलन के बाद वैष्णोदेवी और अमरनाथ यात्राएं रोक दी गई हैं। बिहार से और चार लोगों के मरने की खबर आने से बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या अभी तक 95 पहुंच गई है। उधर राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बौछार हुई और आर्द्रता का स्तर 80 प्रतिशत तक रहा जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बारिश के चलते जम्मू क्षेत्र के मंडल अंचल में परलादपुर में मकान ढहने से फतेह चंद की मौत हो गई। जम्मू डोडा जिले में मकान ढहने से दोस्त मोहम्मद मारा गया, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

प्रतिकूल मौसम के चलते शनिवार को वैष्णोदेवी के रास्ते 10 वर्षीय लड़का घायल हो गया जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या पांच हो गई। जिले में रामनगर स्टेशन के पास कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से जम्मू-उधमपुर रेलवे लाइन पर यातायात प्रभावित हुआ। जम्मू के उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने कहा, ‘भारी बारिश के चलते जम्मू में नदियों में अचानक बाढ़ आ गई है। अलर्ट जारी कर दिया गया है।’ उन्होंने कहा कि तवी नदी 18 फुट के खतरे के निशान पर बह रही है और चेनाब नदी, अलर्ट के स्तर से 33 फुट ऊपर बह रही है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया था जिसे बाद में खोल दिया गया।

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और 14 जिलों में 33 लाख लोग प्रभावित हैं। कटिहार जिले से और चार लोगों के मरने की खबर है। सबसे अधिक 28 लोगों की मौत पुर्णिया जिले में हुई, जबकि अररिया में 21, कटिहार में 19, सुपौल में आठ, किशनगंज में पांच, गोपालगंज और मधेपुरा में चार-चार दरभंगा में तीन और मुजजफ्फरपुर, सारण और सहरसा में एक-एक लोग की मरने की खबर है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को बारिश होने से इन दो राज्यों में तापमान में गिरावट आई। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन दोनों राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। उत्तर प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में छिटपुट इलाकों में और पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। असम में बाढ़ की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी धनसिरी, गोला के नुमालीगढ़ में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राजस्थान के छिटपुट इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई जहां सबसे अधिक 19 सेमी. बारिश कोटा में दर्ज की गई। इसके बाद झालावाड़ के अकलेरा में 16 सेमी. बारिश हुई।