उत्तर भारत के लोगों को रविवार को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा। दिल्ली सहित कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई जबकि घने कोहरे से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह बाधित हुआ। दिल्ली में पांच साल का सबसे कम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में सुबह के वक्त हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण 73 विमानों की आवाजाही में देरी हुई जबकि 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा और छह को रद्द किया गया। उत्तरी क्षेत्र में 80 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम ने पिछले पांच साल के रेकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। पारा सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया,‘यह तापमान दिल्ली का पिछले पांच साल में सबसे कम तापमान है। हो सकता है कि यह पिछले एक दशक का भी सबसे कम हो लेकिन फिलहाल इस संबंध में तुरंत आंकड़े उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।’ दिल्ली का अब तक का सबसे कम तापमान 26 दिसंबर 1945 को मात्र 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।मौसम विभाग के मुताबिक ठंड से सोमवार को भी राहत मिलने की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापामान तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर भागों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोहराजनित हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मथुरा में तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के चुर्क में पारा जमाव बिंदु 0.5 के करीब पहुंच गया। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बर्फीली हवा चलने से लोग हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से बेहाल हैं। लखनऊ में भयंकर शीतलहर के कारण जिला प्रशासन ने नर्सरी से इंटर तक के सभी स्कूल एक जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश में ठंड से शनिवार से 25 लोगों की मौत की मीडिया में आई खबरों का राज्य सरकार ने खंडन किया है। सरकार ने इन खबरों को गलत बताया है। प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने कहा,‘मीडिया खबरों में मृतकों के आंकड़े बताए गए हैं, जो पूरी तरह गलत हैं। किसी भी जिले से ठंड की वजह से किसी की मौत की कोई पुष्टि नहीं हुई है। घने कोहरे की वजह से दुर्घटना आदि वजहों से लोगों के मारे जाने की खबरें जरूर हैं।’
दरअसल, मीडिया में ऐसी खबरें थीं कि गत शनिवार से ठंड के कारण उत्तर प्रदेश में 25 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही ठंड से मरने वालों की संख्या बढकर 125 हो गई है। उत्तर प्रदेश की राहत आयुक्त लीना जौहरी ने कहा, ‘राज्य में 8735 जगहों को अलाव जलाने के लिए चिन्हित किया गया है। अब तक सरकार ने 2,34,625 कंबल बांटे हैं। जिला प्रशासनों को ठंड से बचाव के उपाय के लिए 20 करोड रुपए से अधिक दिए गए हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लेह में मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.2 डिग्री कम रहा। श्रीनगर शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सत्र की सबसे ठंडी रात का गवाह बना। श्रीनगर के प्रसिद्ध डल झील समेत कई जलाशय जम गए।
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड का असर लगातार जारी है। 2.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ चंडीगढ़ में शनिवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। अंबाला में भी न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में सुबह कोहरा छाया रहा। वहां न्यूनतम तापमान क्रम से 3.6, 3.7 और 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है और 1.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चुरू राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 4.3 डिग्री, उदयपुर में 4.4 डिग्री, जयपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण 13 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
वहीं शीतलहर की वजह से बिहार में छाए घने कोहरे के कारण रविवार को सीतामढ़ी जिले में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का हेलिकाप्टर उतर नहीं सका और उन्हें कार्यक्रम में शरीक हुए बिना वापस पटना लौटना पड़ा। पटना स्थित मौसम विभाग कार्यालय के मुताबिक पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। छपरा में रविवार को सबसे न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। विभाग ने अगले एक-दो दिन तक शीतलहर के जारी रहने और घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है। घने कोहरे के कारण सड़क यातायात के प्रभावित होने के साथ-साथ बिहार से गुजरने वाली ट्रेनें तीन से 13 घंटे तक की देरी से चल रही हैं।
वहीं मध्य प्रदेश में भी लोगों को कड़ाके की ठंड से ठिठुरना पड़ रहा है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक होशंगाबाद जिले के पचमढ़ी में रविवार को प्रदेश का सबसे कम तापमान शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक मैदानी इलाके उमरिया में सबसे कम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकतर भागों में शीतलहर जारी रहेगी। विभाग ने ग्वालियर, दतिया, मुरैना, खजुराहो, टीकमगढ़, रीवा, मंडला और उमरिया सहित प्रदेश के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आने और कई जगह पाला पड़ने की आशंका जताई है।