Ramdev on Bangladesh Crisis: बांग्लादेश में हालात काफी खराब हो चुके हैं। बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी के बीच अब उपद्रवियों ने अल्पसंख्यक हिंदुओं को टारगेट करना शुर कर दिया है। भीड़ चुन-चुनकर हिंदुओं को निशाना बना रही है। घरों में आग लगाई जा रही है और दुकानों को भी लूटा जा रहा है। वहीं मंदिरों में भी आगजनी की गई है। बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर योग गुरु बाबा रामदेव का बयान आया है।
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर किसी भी तरह के अत्याचार और क्रूरता नहीं होनी चाहिए। चाहे वो वहां पर व्यापार करने वाले हिंदू हो या फिर वहां के हिंदू मंदिर हो या वहां के रहने वाले हमारे भारतीय नागरिक हो। उनके साथ किसी भी तरह का नाइंसाफी ना हो। इसके लिए पूरे देश को एकजुट रहना होगा और पहली बार मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि विपक्ष सरकार के साथ है और यही भारत की नीति भी होनी चाहिए। वरना जिस तरह से इस्लामिक कट्टरपंथ दुनिया भर में फैल रहा है और जिस तरह से भारत के पड़ोस में दस्तक दे चुका है, वह देश के लिए खतरनाक हो सकता है।
आने वाले समय में एकता बनी रहनी चाहिए- रामदेव
रामदेव ने कहा कि यह एकता आने वाले समय में भी बनी रहनी चाहिए। जो लोग आरक्षण, जाति, धार्मिक कट्टरता के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं। यह ठीक नहीं है। इसलिए भारत की राजनीति मुद्दों पर केंद्रित होनी चाहिए। उसमें जाति, संविधान, आरक्षण, उसमें अलग-अलग तरह के मजहबी उन्माद और तमाम तरह के प्रांतीय उन्माद से परे केवल विकास के आधार पर और 2047 तक भारत को विश्व की आर्थिक, सामरिक, सामाजिक और आध्यात्मिक शक्ति हम कैसे बनाएंगे। इस पर अगर पूरा देश एकजुट होकर आगे बढ़ेगा। तब हम अपने पड़ोसियों के साथ में भी ताकत के साथ में खड़े हो पाएंगे और पूरी दुनिया के सामने भी भारत एक शक्तिशाली रूप में उभर पाएगा।
शेख हसीना को हटाना मकसद, हिंदुओं को बनाया निशाना… बांग्लादेश हिंसा पर संसद में क्या बोले जयशंकर
बांग्लादेश में कितने हिंदू
पिछले कुछ सालों में बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति काफी अच्छी नहीं रही है। 1951 में हिंदुओं की आबादी करीब 22 प्रतिशत थी। यह 2011 तक घटकर करीब 8.54 फीसदी ही रह गई। इसकी मुख्य वजह धार्मिक उत्पीड़न और आर्थिक रूप से हाशिए पर होना है। यह सिलसिला केवल इतने पर ही नहीं रूका बल्कि हिंदुओं की आबादी में लगातार गिरावट आती गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में भारत के इस पड़ोसी देश की आबादी साढ़े सोलह करोड़ से कुछ ज्यादा थी। बांग्लादेश की आबादी में करीब 7.95 फीसदी लोग हिंदू समुदाय के हैं। वहीं अगर संख्या के लिहाज से देखें तो हिंदुओं की आबादी करीब 13.1 मिलियन है। गिरावट के बाद भी हिंदू समुदाय दूसरे नंबर की सबसे बड़ी आबादी है।