बिहार के मुख्यमंत्री पद पर लगातार तीसरी बार नीतीश कुमार की ताजपोशी के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। जहां देश के अहम नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में जद (एकी) नेता प्रदेश की कमान संभालेंगे। शुक्रवार दोपहर दो बजे गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी प्रबंध कर लिए गए हैं। पटना के डिवीजनल कमिश्नर आनंद किशोर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में वीआइपी के आने की संभावना के मद्देनजर दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को ऐतिहासिक गांधी मैदान की सुरक्षा में तैनात किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने वाले वीआइपी लोगों के बैठने के लिए एसपीजी कवर के साथ दो शामियाने लगाए गए हैं। मुख्य मंच पर नीतीश कुमार, उनके नए मंत्री और वीआइपी लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
पास के एक मंच पर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बैठाया जाएगा। किशोर ने बताया कि समारोह में भाग लेने वाली महिलाओं के लिए अलग से एक दीर्घा बनाई गई है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने हवाई अड्डे से गांधी मैदान तक वीआइपी हस्तियों को लाने की व्यवस्था के सुरक्षा अभ्यास का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तय कार्यक्रमों के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने संसदीय मामलों के मंत्री एम वेंकैया नायडू को समारोह में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने मेहमानों की एक सूची जारी की है जिसमें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, राकांपा प्रमुख शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस प्रमुख फारुख अब्दुल्ला और लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम शामिल हैं। मेहमानों की सरकारी सूची में नौ मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं जिनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल हैं। कांग्रेस शासित छह राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे जिनमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, सिक्किम के मुख्यमंत्री पीके चामलिंग, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी हैं।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा के डी राजा और द्रमुक के टीएमके स्टालिन ने भी समारोह में शामिल होने की पुष्टि की है। भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने निमंत्रण को स्वीकार किया है और महाराष्ट्र के दो मंत्रियों रामदास कदम और सुभाष देसाई को समारोह में शामिल होने के लिए भेजने का फैसला किया है।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा शीला दीक्षित, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजित जोगी, बाबू लाल मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन और शंकर सिंह वाघेला भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल भी समारोह में शामिल होंगे।

इंडियन नेशनल लोकदल के अभय चौटाला, बीबीएम नेता प्रकाश आंबेडकर, अधिवक्ता राम जेठमलानी, राज बब्बर और एचके दुआ के नाम भी मेहमानों की अंतिम सूची में शामिल हैं। देश भर के इन मेहमानों के अलावा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके जनता दल (एकी) समकक्ष शरद यादव भी समारोह में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में जलपान का आयोजन किया जाएगा। शपथग्रहण समारोह की खुद सारी व्यवस्था देख रहे नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने आवास पर जलपान की तैयारियों का जायजा लिया। कार्यालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जनता दल (एकी) महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में कोई राजनीति देखने की जरूरत नहीं है। समारोह में मेहमानों को आमंत्रित करना स्वस्थ राजनीतिक शिष्टाचार का हिस्सा है।
नहीं आएंगे भाजपा के ‘शत्रु’:
भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शपथ ग्रहण समारोह का न्योता मिला है लेकिन वे अहम निजी कार्य के कारण उसमें शिरकत नहीं कर पाएंगे। वे फिलहाल पत्नी पूनम सिन्हा के साथ ओड़ीशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर गए हुए हैं। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह को लेकर नीतीश कुमार के न्योते को स्वीकार करने और उसमें केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को ‘छोटा मोटा मंत्री’ के साथ भेजने के फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष संजय मयूख ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूडी शुक्रवार को नायडू के साथ यहां गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचेंगे।
Read Also
नीतीश कुमार के शपथ से पहले वैशाली में सांप्रदायिक तनाव, सीएम ने रद्द किया झारखंड दौरा