बिहार में सियासी उथलपुथल के बाद JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश ने बिहार की महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर इस्तीफा देने के बाद NDA का हाथ थामा। नीतीश कुमार ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन INDIA में स्थिति ठीक नहीं है। वहीं, जेडीयू अध्यक्ष के NDA में शामिल होने पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है अच्छा है।
NDA में शामिल होने के बाद नीतीश कुमार के बिहार के सीएम पद की शपथ लेने पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा, “जो कुछ भी हो रहा है अच्छा है। राजनीति में ये सब होता रहता है। नीतीश कुमार को वहां सम्मान नहीं मिल रहा था।” उन्होंने आगे कहा, “जब रावण का भाई विभीषण राम की शरण में आ सकता है तो नीतीश कुमार के आने में क्या अंतर पड़ता है। नीतीश पलटूराम तो हैं ही, लेकिन इस बार सही पलटे हैं। अब वह श्रीराम के चरणों में पलट गए हैं।”
बिहार में JDU-NDA की सरकार
भाजपा से गठबंधन करने के बाद जनता दल यूनाइटेड अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दावा किया कि अब NDA छोड़कर कहीं और जाने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने बिहार की महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर इस्तीफा देने के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA में स्थिति ठीक नहीं होने का दावा किया। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा, “यह स्थिति इसलिए आई क्योंकि सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। मैं सभी से राय ले रहा था। मैंने उन सभी की बात सुनी। जिस तरह के दावे और टिप्पणियां लोग कर रहे थे, वे पार्टी के नेताओं को खराब लगे इसलिए आज हमने त्यागपत्र दे दिया और हम अलग हो गए।’’
वहीं, शपथ ग्रहण के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा, ‘‘मैं पहले भी उनके (NDA) साथ था। हम अलग-अलग रास्तों पर चले गए लेकिन अब हम साथ हैं और रहेंगे। मैं जहां था, वहां वापस आ गया और अब कहीं जाने का सवाल ही नहीं उठता।’’
नीतीश कुमार की प्रवृत्ति गिरगिट को भी मात देती- कांग्रेस
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस, आरजेडी और इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियों ने नीतीश कुमार की लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन से विश्वासघात करने के लिए आलोचना की। कुछ विपक्षी दलों ने उन्हें बार-बार पाला बदलने के लिए ‘गिरगिट’ और ‘पलटूराम’’ तक करार दिया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि राजनीतिक रंग बदलने की नीतीश कुमार की प्रवृत्ति गिरगिट को भी मात देती है। उन्होंने कहा, “बिहार में कुछ ऐसे नेता है जो गिरगिट को भी कड़ी टक्कर देते हैं। पर ये अफसोस की बात है कि आखिरी समय में उन्होंने हमारा साथ छोड़ा। सही समय पर बिहार की जनता नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री को जरूर जवाब देगी।”