Nitin Gadkari: भारत सरकार व विभिन्न राज्य सरकारें हर दिन देशवासियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरुक करती हैं। तमाम जागरुकता के बावजूद हर दिन हजारों लोग जाने-अंजाने में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं। कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते पकड़ने जाने पर वाहन चालकों का चालान भी हो जाता है।
बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने राज्यसभा में जानकारी दी कि साल 2022 में देशभर में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर 7,563.60 करोड़ रुपये के 4.73 करोड़ से अधिक चालान जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2021 में देश भर में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर 5,318.70 करोड़ रुपये के 4.21 करोड़ से अधिक चालान काटे गए।
नितिन गडकरी ने कहा कि साल 2022 में चालान जारी करने से 2,874.41 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ जबकि 4,654.26 करोड़ रुपये की राशि बकाया थी। यातायात नियमों को सख्त बनाने और उल्लंघन करने पर कठोर दंड के लिए संसद ने अगस्त 2019 में मोटर वाहन (संशोधन) विधेयक, 2019 पारित किया था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि 31 मार्च, 2023 तक देश में 6.11 करोड़ से अधिक पंजीकृत वाहन 15 वर्ष या उससे अधिक पुराने हैं।
‘पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाओं के तहत 11,025 वाहनों को कबाड़ में बदला गया’
नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने बुधवार को संसद में यह भी जानकारी दी कि पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग (कबाड़) सुविधाओं द्वारा 31 मार्च 2023 तक कुल 11,025 वाहनों को कबाड़ में बदला गया है। उन्होंने बताया कि कबाड़ में बदले गए 11,025 वाहनों में से 7,750 निजी वाहन थे जबकि 3,275 सरकारी वाहन थे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा 24 राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों ने सरकारी स्वामित्व वाले 2,56,935 वाहनों के 15 साल से ज्यादा पुराना होने की सूचना दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वाहन स्क्रैपिंग नीति के कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकारों को प्रोत्साहन उपलब्ध करवाया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वित मंत्रालय के व्यय विभाग ने राज्यों के लिए जारी ‘‘पूंजी निवेश 2022-23’’ योजना के लिए राज्यों को विशेष सहायता में 2000 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन शामिल किया है। गडकरी ने कहा कि पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता की योजना को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए बढ़ा दिया गया है।
(इनपुट- भाषा)