राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कई राज्यों में एकसाथ छापेमारी की है। इस दौरान एनआईए ने मानव तस्करी सिंडिकेट से जुड़े 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेरोजगारों को काम का झांसा देकर कंबोडिया, वियतनाम और लाओस जैसे स्थानों पर भेजते थे। एनआईए ने इन्हें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और चंडीगढ़ समेत 15 स्थानों पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया है।

इन लोगों को किया गिरफ्तार

एनआईए ने छापेमारी के दौरान वडोदरा निवासी मनीष हिंगू, गोपालगंज निवासी पहलाद सिंह, दक्षिम पश्चिम दिल्ली निवासी नबियालम रे, गुरुग्राम निवासी बलवंत कटारिया और चंडीगढ़ निवासी सरताज सिंह को गिरफ्तार किया है।

बेरोजगारों को बनाते थे शिकार

एनआईए ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है वह बेरोजगारों को अपना शिकार बनाते थे। नौकरी का झांसा लेकर यह युवाओं को कंबोडिया और लाओस आदि जगहों पर भेजने की बात कहते थे। इन युवाओं को फर्जी कॉल सेंटर में नौकरी दिला दी जाती थी। इसके अलावा अवैध गतिविधियों में उन्हें शामिल किया जाता था। कई मामलों में इन युवाओं को क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी, फर्जी एप्लिकेशन का उपयोग करके क्रिप्टो करेंसी में निवेश, हनी ट्रैपिंग आदिक काम में लगा दिया जाता था। एनआईए काफी समय से इन लोगों की तलाश कर रही थी।