कोरोना वायरस महामारी से बुरी तरह जूझ रही दुनिया के सामने इसके नए स्ट्रेन ने मुसीबत बढ़ा दी है। ब्रिटेन में तेजी से फैल रहा ये नया संक्रमण पहले वाले से ज्यादा खतरनाक बताया गया है। चर्चा है कि कोरोना का नया स्ट्रेन पहले से संक्रमित रहे लोगों के लिए और भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है। इससे बचने के लिए उन्हें कौन सी सावधानियां बरतनी होगी। इस संबंध में हम आपको एक्सपर्ट की राय बताएंगे।
सीएसआईआर के डीजी डॉक्टर शेखर मांडे ने पहले संक्रमित रहे लोगों में नए स्ट्रेन के फैलने की आशंका पर अपनी राय दी। उन्होंने इंग्लैंड के वैज्ञानिकों की शोध के आधार पर बताया कि नए स्ट्रेन की फैलने की दर अधिक है। इसका आर नंबर बढ़ा है। यानी औसतन एक संक्रमित व्यक्ति से कितने अन्य लोगों को वायरस फैल रहा है। हालांकि अभी पता नहीं चल सका है कि नए स्ट्रेन की जद में आने के बाद किसी व्यक्ति की जान जाने की आशंका कितनी प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि जिन्हें पहले कोरोना हो चुका है शायद उन्हें दोबारा ना हो। क्योंकि अभी तक कोविड-19 के पुन: संक्रमण के जितने केस मिले हैं वो लाखों की संख्या में सिर्फ दो चार ही हैं। इसिलए कहा नहीं जा सकता है कि म्यूटेशन की वजह से ये संक्रमण दोबारा हो सकता है।
नए स्ट्रेन से बचने के लिए क्या सावधानी बरतें? इस सवाल पर लंदन स्थित वारविक हॉस्पिटल में डॉक्टर और स्वास्थ्य एक्सपर्ट डॉक्टर दीपांकर बोस ने राय दी। उन्होंने कहा कि ये वायरस कोविड-19 में से इवॉल्व हुआ है और नया वायरस नहीं है। नया स्ट्रेन सितंबर के महीने में ही ब्रिटेन में विकसित हो चुका था। ये कहां से आया अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है। नए स्ट्रेन से बचने के लिए ब्रिटेन में अधिकतर जगहों पर फिर लॉकडाउन लागू किया गया है। लोगों का घर से निकलना बंद हो गया है। क्रिसमस पर भी परिवार के अन्य सदस्यों से मिलने की मनाही है। विवाह, मार्केट और अन्य चीजों पर रोक लगा दी गई है।
उन्होंने कहा कि भारत में शादियां अभी भी हो रही हैं और लोग बड़ी तादाद में शामिल हो रहे हैं। अभी तक ऐसा कोई केस नहीं मिला जहां लोगों के विवाह में शामिल होने पर कोरोना ना हुआ हो। खाली विमान सेवाएं रोक देने से बात नहीं बनेगी।
इसी तरह मेदांता द मेडिसिटी के एमडी डॉक्टर नरेश त्रेहन ने अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के जिस वैरिएशन का टीका विभिन्न कंपनियों ने बनाया है उन्हें नए स्ट्रेन को भी ध्यान में रखकर वैक्सीन विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नए स्ट्रेन से बचने के लिए विभिन्न सेफगार्ड का पांबदी से इस्तेमाल करें। मास्क लगाएं और आपसी दूरी का ख्याल रखें।