Modi Government: मोदी सरकार के इस महीने नौ साल पूरे हो जाएंगे। 26 मई 2024 को नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी के साथ नए संसद भवन के उद्घाटन की तारीख भी नजदीक आ गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर नए संसद भवन का उद्घाटन हो सकता है। जिसको लेकर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। मई के आखिरी सप्ताह में यह कार्यक्रम हो सकता है।
नए संसद भवन के लिए सब कुछ बदला हुआ नजर आएगा। यहां मार्शल की नई ड्रेस होगी। सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत की जाएगी। यह संसद भवन चार मंजिला होगा। जिसमें 1224 सांसदों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री ने मार्च के आखिरी सप्ताह में नए संसद भवन का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बारीकी से जानकारी ली थी। उन्होंने संसद में लगभग एक घंटे का वक्त व्यतीत किया था। साथ ही काम करने वाले श्रमिकों से भी बात की थी। सितंबर, 2021 में मोदी ने साइट का दौरा किया था। उन्होंने प्रस्तावित सेंट्रल विस्टा परियोजना के स्थल पर लगभग एक घंटा बिताया था और नए संसद भवन की निर्माण स्थिति का निरीक्षण किया था।
जानिए नए संसद भवन से जुड़ी जरूरी बातें-
- सूत्रों के मुताबिक नए संसद भवन में तीन मुख्य द्वार हैं, जिन्हें ज्ञान द्वार, शक्ति द्वार और कर्म द्वार नाम दिया गया है।
- भवन में सांसदों, वीआईपी और आगंतुकों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार होंगे।
- भवन का एक अन्य आकर्षण कांस्टीट्यूशन हॉल है, जिसे देश की लोकतांत्रिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए बनाया गया है। भारत के मूल संविधान की एक प्रति हॉल में रखी गई है।
- नए संसद भवन में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और देश के अन्य प्रधानमंत्रियों के चित्र होंगे।
- कोणार्क के सूर्य मंदिर के पहिये के एक मॉडल के साथ भवन में बहुश्रुत कौटिल्य का एक चित्र स्थापित किया गया है।
- 64,500 वर्ग मीटर के क्षेत्र में निर्मित, नई इमारत में 1,224 सांसद बैठ सकेंगे। यह भवन चार मंजिल का होगा। इसमें एक पुस्तकालय, कई समिति कक्ष और भोजन कक्ष हैं।
- टाटा प्रोजेक्ट्स ने 970 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से भवन का निर्माण किया है।
दिसंबर, 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद की आधारशिला रखी थी। नए संसद भवन का निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड कर रहा है। इस भवन में कई ऐसी चीजों को प्रदर्शित किया जाएगा जो भारत की एकता को दिखलाएगा। इसी के मद्देनजर इस भवन में भारत की लोकतांत्रिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक भव्य संविधान हॉल होगा और संसद सदस्यों के लिए एक लाउंज, पुस्तकालय, कई समिति कक्ष, भोजन क्षेत्र और पर्याप्त पार्किंग स्थान भी होगा।
सूत्रों का कहना है कि आगामी मानसून सत्र, जो जुलाई में शुरू होने वाला है। उसका आयोजन नए संसद भवन में हो सकता है। सूत्रों ने कहा कि ऐसी अटकलें भी हैं कि जी20 देशों के संसदों के अध्यक्षों की बैठक इस साल के अंत में नए भवन में हो सकती है। त्रिकोणीय आकार के इस भवन का निर्माण 15 जनवरी, 2021 को शुरू हुआ था और इसे अगस्त 2022 तक पूरा किया जाना था।