BJP President Nitin Nabin Net Worth: बीजेपी ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन का इतने बड़े पद तक पहुंचना कई लोगों को हैरान कर रहा है। हालांकि, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने भविष्य की राजनीति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है और नितिन नबीन पर भरोसा जताया है।
इस समय सोशल मीडिया पर नितिन नबीन की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है और लोग उनके बारे में हर जानकारी जानने को उत्सुक हैं। इसी कड़ी में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि नितिन नबीन कितनी संपत्ति के मालिक हैं और उनकी नेट वर्थ कितनी है। चुनाव आयोग को सौंपे गए दस्तावेजों के मुताबिक, भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पास कुल 3.3 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं, उन पर करीब 56.7 लाख रुपये का कर्ज भी दर्ज है। नितिन नबीन की सालाना आय की बात करें तो उन्होंने एक साल में करीब 4.8 लाख रुपये की आय घोषित की है।
जानकारी के लिए बता दें कि नितिन नबीन के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, हालांकि इनमें से कोई भी गंभीर श्रेणी का नहीं है। नितिन नबीन के राजनीतिक करियर पर नजर डालें तो वह बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। यह सीट पहले उनके पिता, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पास थी।
हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में भी नितिन नबीन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। इस जीत के बाद उन्हें नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बनाया गया, लेकिन अब पार्टी ने और बड़ी जिम्ममेदारी देते हुए उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं और आने वाले दिनों में उनकी भूमिका और रणनीति पर सबकी नजर रहने वाली है।
ये भी पढ़ें- कौन हैं नितिन नबीन?
