इस परीक्षा में कुल 11,45,976 विद्यार्थियों ने पात्रता हासिल की है। वहीं, तमिलनाडु के प्रबंजन जे और आंध्र प्रदेश के बोरा वरुण चक्रवर्ती ने 720-720 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। पंजाब की प्रांजल अग्रवाल 715 अंक हासिल कर लड़कियों में अव्वल रहीं। एनटीए की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक सात मई को 499 शहरों के 4,097 परीक्षा केंद्रों पर ‘नीट’ का आयोजन किया गया था।
तेरह भाषाओं में आयोजित इस परीक्षा के लिए 20,87,462 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था जिनमें से 20,38,596 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। पात्रता हासिल करने वालों में 6,55,599 छात्राएं, 4,90,374 छात्र और तीन किन्नर शामिल हैं। साल 2022 में कुल 9,93,069 विद्यार्थियों ने पात्रता हासिल की थी। पिछले साल के मुकाबले इस साल 1,52,907 अधिक विद्यार्थियों ने पात्रता हासिल की है।
संपूर्ण ‘रैंकिंग’ में उनका स्थान चौथा रहा। इसी तरह पंजाब की अशिका अग्रवाल ने भी 715 अंक प्राप्त किए लेकिन संपूर्ण ‘रैंकिंग’ में उनका 11वां स्थान रहा। पश्चिम बंगाल के सयान प्रधान 12वें स्थान पर रहे। दिल्ली के हर्षित बंसल 13वें, उत्तर प्रदेश के शुभम बंसल 16वें, पश्चिम बंगाल के भास्कर कुमार 17वें स्थान पर रहे। शीर्ष 50 विद्यार्थियों में दिल्ली के आठ विद्यार्थी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1.39 लाख, महाराष्ट्र में 1.31 लाख और राजस्थान में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र देश के दो सबसे अधिक आबादी वाले राज्य हैं, जबकि राजस्थान भी जनसंख्या के मामले में शीर्ष दस राज्यों में आता है। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले सात उम्मीदवारों की पहचान की गई और उनसे नियमों के मुताबिक निपटा गया।
परीक्षा 13 भाषाओं असमिया, बांग्ला, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा भारत के अलावा आबू धाबी, बैंकाक, कोलंबो, दोहा, काठमांडू आदि में भी आयोजित की गई थी।