भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पत्नी सोनल ने कहना है कि एनडीए बिहार में जीत तो जाएगा, पर राज्य का विकास करना बड़ी चुनौती होगी। एनडीए नेता रामविलास पासवान ने उनसे बिहार चुनाव प्रचार पर उनकी राय पूछी थी। पटना पहुंचीं सोनल ने कहा कि वह राज्य में भाजपा की चुनावी नीति के बारे में कुछ नहीं कह सकतीं, वह तो बस अपने पति के बारे में बात कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो महीने में अमित शाह घर-परिवार को बिल्कुल वक्त नहीं दे पाए हैं और दिन-रात बिहार चुनाव प्रचार में ही लगे हैं। सोनल ने कहा कि बिहार में कुछ दिन रहने के बाद उन्हें यही लगा कि राज्य में सड़क, बिजली और पानी की कमी है। ऐसे में बिहार का विकास करना काफी मुश्किल होगा।
बता दें कि अमित शाह लगभग दो महीने से बिहार में ही कैंप कर रहे हैं। उन्होंने एक नामी होटल में कई कमरे बुक करा रखे हैं। इनमें उनके स्टाफ व गार्ड्स आदि रहते हैं। होटल के एक कमरे में शाह अपना दफ्तर चलाते हैं और वहीं देर रात तक नेताओं के साथ मिल कर चुनावी रणनीति बनाते रहते हैं।
शाह रात के एक-दो बजे तक नेताओं से मिलते रहते हैं। रामविलास पासवान, जीतन राम मांझी और सुशील कुमार मोदी उनसे नियमित रूप से मिलने वाले नेताओं में शामिल हैं। धर्मेंद्र प्रधान और अनंत कुमार को उन्होंने अपना कान और आंख बना कर रखा है। वह रोज उनसे मिल कर राज्य और पार्टी की चुनावी गतिविधियों की जानकारी देते हैं।

