बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के सामने राजग की ओर से मुख्यममंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं करने को लेकर जदयू और राजद के सियासी हमलों की पृष्ठभूमि में भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने आज कहा कि भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन के पास नीतीश से ज्यादा सक्षम चेहरे हैं।
लोजपा उपाध्यक्ष और सांसद रामचंद्र पासवान ने कहा, ‘‘हमारे गठबंधन में बहुत चेहरे हैं। भाजपा के पास कई चेहरे हैं। ये चेहरे नीतीश और लालू से अधिक सक्षम हैं। भाजपा बड़ा घटक है और इस बारे में उसे फैसला करना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह कहना उचित नहीं है कि नीतीश कुमार के मुकाबले हमारे पास कोई चेहरा नहीं है। कमोबेश बिहार में हर पार्टी में चेहरे हैं। इतना मैं कह देता हूं कि चेहरे से कुछ नहीं होने वाला है, आखिकार जीत राजग की होगी। चेहरे की बात करने वालों को मालूम होना चाहिए कि फैसला जनता को करना है और जनता राजग को सत्ता में लाने का मूड बना चुकी है।’’
यह पूछे जाने पर क्या राजग की ओर से लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान भी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि गठबंधन में होने की वजह से वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई भी फैसला भाजपा को गठबंधन के दूसरे घटकों के साथ मिलकर करना है।’’
लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान ने कहा, ‘‘हाल ही में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर मैंने कुछ बात की थी, लेकिन मीडिया ने मेरी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया। भाजपा बड़ी पार्टी है ऐसे में हम मुख्यमंत्री पद की बात कैसे कर सकते हैं। वह जिसे भी चेहरा बनाएगी, हमें वो स्वीकार्य होगा।’’