प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने नागरिकता संशोधन कानून पर बवाल खड़ा कर दिया है और देश के विभिन्न हिस्सों में अशांति तथा आगजनी के पीछे विपक्षी पार्टियों का ही हाथ है। मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए झारखंड में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झारखंड को विकसित करने का कोई रोडमैप या इच्छा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि JMM और कांग्रेस ने झारखंड को पिछड़ेपन का प्रतीक बनाया है, इसे बदलने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी नागरिकता अधिनियम को लेकर आग भड़का रहे हैं लेकिन पूर्वोत्तर के लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन को अस्वीकार कर दिया है। कांग्रेस के कृत्य साबित करते हैं कि संसद में लिए गए सभी निर्णय सही हैं।’’

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर खड़े हुए सियासी बवाल के बीच राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख सैयद गयूरुल हसन रिजवी ने शनिवार को कहा कि यह मुस्लिम विरोधी नहीं है और भारतीय मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि वे घुसपैठिए या शरणार्थी नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार से अपेक्षा है कि राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लाने पर वह इस बात का ध्यान रखेगी कि भारतीय मुसलमानों को कोई परेशानी नहीं हो। रिजवी ने कहा, ‘‘यह कानून अल्पसंख्यक विरोधी नहीं है। पारसी, ईसाई, सिख, जैन और बौद्ध भी अल्पसंख्यक हैं। कुछ राजनीतिक लोग कह रहे हैं कि यह मुस्लिम विरोधी है लेकिन यह मुस्लिम विरोधी नहीं है। भारत के मुसलमानों के बारे में इस विधेयक में कुछ नहीं कहा गया है।’

Live Blog

17:38 (IST)15 Dec 2019
रेल मंत्री ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार (15 दिसंबर) को जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी के दरबार में दर्शन किए। वह हेलीकॉप्टर से बर्फ से घिरे वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। दर्शन के बाद वह दोपहर बाद करीब पौने दो बजे जम्मू लौट आए। खराब मौसम की वजह से दो दिनों तक बंद रहने के बाद रविवार को हेलीकॉप्टर और रोप-वे सेवा को फिर से शुरू किया गया।

14:17 (IST)15 Dec 2019
बंगाल में नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन, कई स्थानों पर सड़कें अवरुद्ध

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल में जारी विरोध प्रदर्शनों के तीसरे दिन प्रदेश के नदिया, उत्तर 24 परगना और हावड़ा जिलों से हिंसा की छिटपुट खबरें सामने आई­ हैं। पुलिस ने रविवार (15 दिसंबर) को इसकी जानकारी दी। उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों के अमदंगा और कल्याणी इलाके में, प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध किया और सड़कों पर लकड़ी के कुन्दे जलाए। जिले के देगंगा इलाके में दुकानों में तोड़-फोड़ करने के साथ ही टायर जलाए गए। नदिया में, प्रदर्शनकारियों ने कल्याणी एक्सप्रेस हाईवे को अवरुद्ध किया और कुछ ने संशोधित कानून की प्रतियां जलाईं ।

13:05 (IST)15 Dec 2019
डिब्रूगढ़ जिले के कुछ हिस्सों, गुवाहाटी में कर्फ्यू में ढील

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ जिले के कुछ हिस्सों में लगाए गए कर्फ्यू में रविवार (15 दिसंबर) को कुछ घंटों के लिए ढील दी गई। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। असम पर्यटन विभाग ने रेलवे के सहयोग से विशेष ट्रेनों का प्रबंध किया है ताकि राज्य के विभिन्न हिस्सों में फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाया जा सके। एक अधिकारी ने बताया कि गुवाहाटी में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। डिब्रूगढ़ पश्चिम के नहरकटिया और तेनुघाट क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था की समस्या के कारण छह उड़ान सेवाएं रद्द करनी पड़ी है, जिसमें भूटान के पारो जाने वाली उड़ान भी शामिल हैं।

12:13 (IST)15 Dec 2019
मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में दो मौलवियों की मौत, एक घायल

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करीब 15 किलोमीटर दूर जिले के बगोवाली बाईपास के निकट देहरादून-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में दो मौलवियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने रविवार (15 दिसंबर) को बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इंतजार (24) और उसके भाई इश्तखार (22) की मौत हो गई जबकि एक अन्य इस हादसे में घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह हादसा शनिवार (14 दिसंबर) की शाम को हुई।

11:47 (IST)15 Dec 2019
टिकाऊ बुनियादी ढांचे को प्रोत्साहित करने के लिए ‘डिजाइन पॉलिसी’ विकसित कर रहा है केरल: मुख्यमंत्री

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा है कि केरल टिकाऊ बुनियादी ढांचे को प्रोत्साहित करने के लिए एक डिजाइन पॉलिसी विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है जिसके तहत आवास और स्मार्ट सिटी के लिए नवोन्मेषी डिजाइन अपनाए जाएंगे। विजयन ने यहां शनिवार शाम ‘केरल डिजाइन वीक’ में कहा कि सरकार विभिन्न कार्यक्रमों को समेकित करके मौजूदा केडीडब्ल्यू (केरल डिजाइन वीक) प्रारूप में सुधार कर ‘केरल डिजाइन उत्सव’ का आरंभ करेगी।

11:33 (IST)15 Dec 2019
शामली में पराली जालने के लिए 13 और किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के थानाभवन और झिंझाना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्थानों पर पराली जलाने के आरोप में 13 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने रविवार (15 दिसंबर) को यह जानकारी दी। शामली जिला मजिस्ट्रेट रखिलेश सिंह ने कहा कि झिंझाना थाना क्षेत्र में नौ और थानाभवन थाना क्षेत्र में चार किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये सभी शनिवार को अपने-अपने खेतों में पराली जला रहे थे।  उन्होंने बताया कि पराली जलाने के खिलाफ जारी मुहिम के तहत एक दिसंबर से नौ दिसंबर के बीच जिले में अब तक कम से कम 31 मामले दर्ज किए गए हैं।

09:20 (IST)15 Dec 2019
नागरिकता विरोध: सैम की याद में लोगों ने जलाईं मोमबत्तियां, आसू नेताओं ने की परिवार से भेंट

असम की राजधानी गुवाहाटी में हतीगांव से लेकर नामघर तक स्थानीय लोगों ने शनिवार (14 दिसंबर) शाम सैम स्टेफर्ड की याद में गलियों में मोमबत्तियां और मिट्टी के दिए जलाए, जिसकी कथित रूप से दो दिन पहले शहर में हुई गोलीबारी के दौरान मौत हो गई थी। सैम (17) बृहस्पतिवार को नामघर में गली के चौराहे पर एक घटना में घायल हो गया था। इसके बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पेशे से ड्रमर सैम तलासील प्लेग्राउंड से लौट रहा था, जहां प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता के लिये प्रस्तुति दी थी।

19:43 (IST)14 Dec 2019
दिल्ली के असम भवन पर नागरिकता संशोधन बिल को लेकर विरोध

दिल्ली के असम भवन पर नागरिकता संशोधन बिल को लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए भारी संख्या में लोग जुटे। वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

15:11 (IST)14 Dec 2019
नागरिकता संशोधन बिल को लेकर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में रेलवे स्टेशन परिसर को जलाया

नागरिकता संशोधन बिल को लेकर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक रेलवे स्टेशन परिसर के एक हिस्से को शनिवार को भीड़ ने जला दिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की भीड़ ने पिटाई भी कर दी।

13:57 (IST)14 Dec 2019
कांग्रेस रैली में सोनिया गांधी


कांग्रेस रैली में सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी-शाह सरकार को न संसद की और न संस्थाओं की कोई परवाह है, असली मुद्दे छिपाना और लोगों को लड़वाना उनका एकमात्र एजेंडा है।

13:20 (IST)14 Dec 2019
माफी नरेंद्र मोदी को देश से मांगनी है, उनके दोस्त अमित शाह को देश से माफी मांगनी है

कांग्रेस की भारत बचाओ रैली में राहुल गांधी ने कहा कि मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं है, राहुल गांधी है। मैं सच्चाई बोलने के लिए कभी माफी नहीं मागूंगा और ना ही कोई कांग्रेस वाला मांगेगा। माफी नरेंद्र मोदी को देश से मांगनी है, उनके दोस्त अमित शाह को देश से माफी मांगनी है।

12:57 (IST)14 Dec 2019
कांग्रेस रैली में प्रियंका गांधी का बयान

कांग्रेस रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं इस देश के प्रत्येक नागरिक से कहना चाहूंगी कि अपनी आवाज उठाएं। आप इस देश से प्यार करो, इसकी आवाज बनो। यदि हम अपनी आवाज नहीं उठाते हैं, तो इन परिस्थितियों में भी भय और झूठ के अंधेरे में चुप रहे और शांत रहें, तो हमारा संविधान नष्ट हो जाएगा।

12:32 (IST)14 Dec 2019
दिल्ली में कांग्रेस की 'भारत बचाओ रैली'

कांग्रेस की 'भारत बचाओ रैली' में प्रियंका गांधी ने कहा कि BJP है तो बेरोजगारी, महंगा प्याज, नौकरियों का जाना सब मुमकिन है।



12:05 (IST)14 Dec 2019
पीएम मोदी मीटिंग में मौजूद

कानपुर: चंद्रशेखर आजाद कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गंगा परिषद (राष्ट्रीय गंगा परिषद) के राष्ट्रीय कायाकल्प, संरक्षण और प्रबंधन की पहली बैठक की अध्यक्षता पीएम नरेंद्र मोदी ने की। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित।



11:20 (IST)14 Dec 2019
आप को मिला प्रशांत किशोर की कंपनी आई-पैक का साथ

अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल ने शनिवार को घोषणा की कि प्रशांत किशोर की राजनीतिक परामर्शदाता कंपनी ‘आई-पैक’ ने उनसे हाथ मिला लिया है।

11:02 (IST)14 Dec 2019
कानपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर पहुंचे वह आज यहां गंगा परिषद (राष्ट्रीय गंगा परिषद) के राष्ट्रीय कायाकल्प, संरक्षण और प्रबंधन की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पीएम गंगा की सफाई के पहलुओं पर किए गए कार्य और विचार-विमर्श की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।

10:06 (IST)14 Dec 2019
कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ढील

गुवाहाटी में नागरिकता (संशोधन) विधेयक (कैब) के खिलाफ प्रदर्शनों के मद्देनजर लगाए गए कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है। दिसपुर, उजान बाजार, चांदमारी, सिलपुखुरी और जू रोड सहित कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं।

09:01 (IST)14 Dec 2019
संजय गांधी की की जयंती

दिल्ली: बीजेपी नेता मेनका गांधी और वरुण गांधी दोनों ने संजय गांधी की की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।



08:55 (IST)14 Dec 2019
भाजपा ने ठाकरे से महाराष्ट्र में नागरिकता कानून को लागू करने को कहा

भाजपा नेता आशीष शेलार ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से महाराष्ट्र में संशोधित नागरिकता अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग की। शेलार ने मुख्यमंत्री को शुक्रवार को लिखे पत्र में कहा कि कांग्रेस नेता और मंत्री नितिन राउत द्वारा राज्य में कानून को लागू करने का विरोध किए जाने के बाद ठाकरे को इस मुद्दे पर अपनी सरकार की स्थिति साफ करनी चाहिए।

08:11 (IST)14 Dec 2019
मुंडका इलाके में एक गोदाम में आग

दिल्ली: मुंडका इलाके में एक गोदाम में आग लग गई। मौके पर मौजूद 21 फायर टेंडर। राहत कार्य जारी।

07:39 (IST)14 Dec 2019
दिल्ली के मुंडका में लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग

दिल्ली के मुंडका में लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल की 20 से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं हैं। फिलहाल अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।