केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि मोदी सरकार कभी एनआईए कानून का दुरुपयोग नहीं करेगी, बल्कि इसका उपयोग आतंकवाद को समाप्त करने के लिए होगा, चाहे दोषी किसी भी धर्म का हो। उधर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बना दिया गया है। बता दें कि कलराज मिश्र ने लोकसभा 2019 का चुनाव नहीं लड़ा था। फिलहाल हिमाचल में राज्यपाल रहे आचार्य देवव्रत को गुजरात की जिम्मेदारी दी गई है।

मध्य प्रदेश में आरपीएफ के डीआईजी के खिलाफ रेप के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि जबलपुर में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि अफसर ने चलती ट्रेन में रेप की कोशिश की थी। उधर, वर्ल्ड कप 2019 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। अब खबर आ रही है कि वेस्टइंडीज दौरे के लिए धोनी का चयन नहीं किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए अहम बैठक 17 जुलाई को होगी।

 

Live Blog

16:55 (IST)15 Jul 2019
लक्ष्मण झूला बंद करने का व्यापारियों ने किया विरोध

ऋषिकेश की पहचान के रूप में विख्यात लक्ष्मण झूला पुल को बंद किए जाने के विरोध में सोमवार को इस क्षेत्र में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। विरोध में व्यापारियों ने यहां शिवमूर्ति के निकट धरना भी दिया और आरोप लगाया कि झूला पुल से हर रोज हजारों लोग गुजरते हैं और इसे बंद किए जाने से उनका व्यापार प्रभावित हुआ है। पिछले कई दशकों से शहर का एक महत्वपूर्ण लैंडमार्क गंगा पर बने लक्ष्मणझूला पुल को पिछले शुक्रवार को सुरक्षा कारणों के चलते हमेशा के लिए बंद कर दिया गया।

16:49 (IST)15 Jul 2019
धौलपुर: दो बहनों को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज

राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा दो बहनों का कथित अपहरण कर उनके साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया गया है। अपहरणकर्ता के चंगुल से छूटी छोटी बहन ने इस संबंध में शनिवार को नरेश गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। उसका कहना है कि 24 अप्रैल को दोनों बहनों का अपहरण उस वक्त कर लिया गया जब वो किसी काम के लिए बाजार गई थी।

16:32 (IST)15 Jul 2019
2018 में 265 आतंकवादी मारे गए : नाइक

रक्षा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने सोमवार को बताया कि वर्ष 2017 में आतंकवाद रोधी अभियान एवं आतंकी घटनाओं में 235 आतंकवादी मारे गए जबकि 2018 में इनकी संख्या 265 थी। रक्षा राज्य मंत्री नाइक ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी बताया कि वर्ष 2017 में जम्मू कश्मीर में 131 आतंकवादी घटनाएं हुईं जबकि 2018 में ऐसी 318 घटनाएं हुईं।

16:32 (IST)15 Jul 2019
तटरक्षक बल ने गुजरात तट पर पकड़ी थी पाकिस्तानी नौका

तटरक्षक बल ने गुजरत में भारतीय समुद्री सीमा के भीतर एक पाकिस्तानी नौका को पकड़ा और उससे मादक पदार्थ बरामद किए। रक्षा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने सोमवार को राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अल मदीना नामक यह पाकिस्तानी नौका गुजरात तट पर पकड़ी गई थी। नाइक ने बताया कि राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी नौका दल के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई कर रहा है।

15:32 (IST)15 Jul 2019
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बने कलराज मिश्र

बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बना दिया गया है। बता दें कि कलराज मिश्र ने लोकसभा 2019 का चुनाव नहीं लड़ा था। फिलहाल हिमाचल में राज्यपाल रहे आचार्य देवव्रत को गुजरात की जिम्मेदारी दी गई है।

15:31 (IST)15 Jul 2019
महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के सिलसिले में दक्षिण अफ्रीका में साइकिल रैली का आयोजन

महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के सिलसिले में अहिंसा एवं सत्याग्रह के उनके विचारों के व्यापक प्रचार प्रसार के प्रयास के तहत दक्षिण अफ्रीका में साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय राजनयिकों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भी हिस्सा लिया। जोहानिसबर्ग में भारतीय महावाणिज्यदूत डॉ. के. जे. श्रीनिवास ने इस साइकिल रैली की संकल्पना पेश की थी। ‘गांधी वॉक कमेटी’ ने इसकी सह-मेजबानी की, जो हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन करता है। महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के सिलसिले में भारतीय बाहुल्य दक्षिणी क्षेत्र लेनाशिया में रविवार को आयोजित ‘ब्लॉक राइड’ कार्यक्रम में कई साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया।

15:30 (IST)15 Jul 2019
नाइजीरिया के गांव पर बंदूकधारियों के हमले में 10 की मौत : पुलिस

उत्तर पश्चिम नाइजीरिया के एक गांव में करीब 300 बंदूकधारियों द्वारा बदले के इरादे से किये गये हमले में 10 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारियों ने कारों में आग लगा दी और वे मवेशियों को भी चुराकर ले गये। क्षेत्रीय पुलिस प्रवक्ता गैम्बो ईसाह ने एक बयान में कहा कि शनिवार को हमलावरों ने कतसीना राज्य के किरतावा गांव पर ‘धावा बोला’ और ग्रामीणों पर गोलियां बरसाने लगे। वे उनकी गायें भी चुराकर ले गये।

14:23 (IST)15 Jul 2019
मेलबर्न के ‘लॉ ट्रोब विश्वविद्यालय’ में डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजे जायेंगे शाहरुख खान

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को अपनी ‘मीर फाउंडेशन’ के जरिये वंचित बच्चों, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में प्रयास में योगदान करने तथा भारतीय मनोरंजन उद्योग में उनकी उपलब्धियों के लिये मेलबर्न स्थित ‘लॉट्रोब विश्वविद्यालय’ से प्रतिष्ठित डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाने वाला है। खान अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहे भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम) के 10वें संस्करण में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि मानवता के कल्याण के लिये उनके प्रयास को देश में पहली बार सम्मानित किया जाएगा और यह उनके लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।

14:10 (IST)15 Jul 2019
सिद्धू ने सीएम को भेजा इस्तीफा

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर को इस्तीफा भेज दिया है। सिद्धू ने यह जानकारी ट्वीट करके दी। उन्होंने लिखा कि मैंने अपना इस्तीफा सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को भेज दिया है, जो उनके घर पहुंच चुका है। बता दें कि सिद्धू ने पहले अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा था, जिसके बाद पंजाब सरकार के मंत्रियों के अलावा विपक्ष ने भी उन पर निशाना साधा था।

13:24 (IST)15 Jul 2019
बाबरी विध्वंस मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश ने मांगा वक्त

बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय से छह महीने और वक्त मांगा है। उन्होंने शीर्ष अदालत को सूचित किया है कि वह 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तरप्रदेश सरकार को विशेष न्यायाधीश का कार्यकाल जारी रखने के उपाय करने को कहा है। उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से कहा कि वह बाबरी मस्जिद मामले में फैसला होने तक विशेष न्यायाधीश का कार्यकाल बढ़ाने के तरीकों के बारे में 19 जुलाई तक उसे सूचना दे।

13:20 (IST)15 Jul 2019
इंजीनियरिंग के 4 लाख से अधिक स्रातकों को मिला कैम्पस प्लेसमेंट: सरकार

मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को कहा कि देश में शैक्षणिक वर्ष 2018-19 में इंजीनियरिंग में स्रातक होने वाले चार लाख से अधिक युवाओं को कैम्पस प्लेसमेंट के जरिए नौकरियां हासिल हुईं। लोकसभा में रामचरण बोहरा के प्रश्न के लिखित उत्तर में निशंक ने यह भी कहा कि 2018-19 में एआईसीटीई से संबद्ध संस्थानों से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले 4,00,823 छात्रों को कैम्पस प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी मिली।

12:44 (IST)15 Jul 2019
कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की नरैनी कोतवाली क्षेत्र में एक किसान ने सरकारी कर्ज और साहूकारों के कर्ज से परेशान होकर रविवार को फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
नरैनी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने सोमवार को बताया कि मुगौरा गांव निवासी लाला धोबी (62) रविवार सुबह अपने खेतों की तरफ शौच के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो शव खेत में लगे बबूल के पेड़ पर लटका मिला। धोबी चार बीघा कृषि भूमि का मालिक था।

12:29 (IST)15 Jul 2019
साक्षी मिश्रा और उसके पति अजितेश को मिली पुलिस सुरक्षा

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सोमवार को बरेली के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा और उसके पति अजितेश को पुलिस सुरक्षा प्रदान की। साक्षी और उसके पति ने अदालत से सुरक्षा मांगी थी कि उनके शांतिपूर्ण जीवन में किसी तरह की दखलअंदाजी न की जाए। आज जब इस मामले पर सुनवाई शुरू हुई, उस समय साक्षी और उसका पति सुनवाई के समय अदालत में मौजूद थे। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा ने साक्षी और उसके पति को सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश पारित किया। इन्होंने दलील दी थी कि साक्षी के पिता से इनकी जान को खतरा है क्योंकि वे उनकी शादी से नाखुश हैं जिसकी वजह अजितेश का दलित जाति से होना है।

12:26 (IST)15 Jul 2019
नोएडा में युवक की पीट-पीटकर हत्या

नोएडा के बिसरख के तिगरी गांव में रविवार रात कुछ लोगों ने एक युवक से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिसरख थाना के प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि तिगरी गांव में रहने वाले रवि का झगड़ा उसके पड़ोस में रहने वाले कमल, महेंद्र, चंद्रपाल और कमल की पत्नी मुन्नी से किसी मामूली बात को लेकर हो गया। चारों ने लाठी-डंडे से रवि की जमकर पिटाई कर दी।

11:57 (IST)15 Jul 2019
योगी आदित्यनाथ ने ढाई किलो का स्वर्ण मुकुट भगवान हनुमान को अर्पित किया

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में शुक्रताल यात्रा के दौरान भगवान हनुमान को ढाई किलो का स्वर्ण मुकुट अर्पित किया। वह स्वामी कल्याण देव की पुण्य तिथि पर रविवार को शुक्रताल आए थे। शुक्रताल में गंगा नदी के किनारे भगवान हनुमान की 75 फुट ऊंची प्रतिमा है। आदित्यनाथ ने इलाके में दस करोड़ रुपए की लागत से कई विकास योजनाओं की आधारशिला रखी।

11:55 (IST)15 Jul 2019
इलाहाबाद कोर्ट में साक्षी मिश्रा के पति अजितेश से मारपीट

इलाहाबाद हाई कोर्ट परिसर में अजितेश की पिटाई कर दी गई है। बता दें कि अजितेश बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा के पति हैं। सुरक्षा की मांग को लेकर साक्षी व अजितेश ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई हुई है। बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट से ही सोमवार सुबह एक युवक-युवती का अपहरण कर लिया गया। इस वारदात को काले रंग की कार से अंजाम दिया गया।

10:33 (IST)15 Jul 2019
इलाहाबाद हाई कोर्ट के बाहर युवक-युवती का अपहरण

इलाहाबाद हाई कोर्ट के बाहर से सोमवार (15 जुलाई) सुबह करीब 8 बजे युवक-युवती का अपहरण होने की खबर है। एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि काले नंबर की कार में युवक-युवती का अपहरण किया गया है। यह वारदात हाई कोर्ट के गेट नंबर 3 के पास हुई। पुलिस का कहना है कि अपहरण के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ी कौशांबी में ट्रेस हुई है। इसका नंबर उत्तर प्रदेश के एटा में रजिस्टर्ड है। बता दें कि आज ही बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी व उनके पति अजितेश इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेश होंगे।

10:12 (IST)15 Jul 2019
सोलन में इमारत गिरने से सेना के छह जवानों समेत सात लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में चार मंजिला इमारत गिरने से सेना के छह जवानों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह इमारत नाहन-कुमारहट्टी सड़क पर स्थित थी जो रविवार शाम की भारी बारिश के बाद गिर गयी। इसमें एक रेस्त्रां भी था। सोलन के पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने बताया कि मलबे से अब तक सेना के छह जवानों और एक नागरिक का शव बरामद हुआ है। सोलन उपमंडल के मजिस्ट्रेट रोहित राठौर ने बताया कि कम से कम सात और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। वहीं सोलन के उपायुक्त के सी चमन ने कहा कि इमारत गिरने के बाद कम से कम 42 व्यक्ति मलबे के भीतर दब गए थे, जिनमें से सेना के 17 जवानों सहित 11 नागरिक यानी 28 लोगों को बचाया गया है।

10:03 (IST)15 Jul 2019
आज लॉन्च नहीं हुआ चंद्रयान-2 मिशन, तकनीकी वजह से 56 मिनट पहले रुकी लॉन्चिंग

इसरो के चंद्रयान-2 मिशन को तकनीकी खराबी की वजह से टाल दिया गया है। चंद्रयान-2 को सोमवार तड़के 2.51 बजे जीएसएलवी मार्क-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाना था, लेकिन 56 मिनट 24 सेकंड पहले इसमें तकनीकी खामी का पता चला। इसके बाद इसरो ने लॉन्चिंग को टाल दिया। इसरो के अधिकारियों के मुताबिक, अब प्रक्षेपण की नई तारीख 10 दिन बाद तय की जाएगी।

09:48 (IST)15 Jul 2019
डीयू के पत्रकारिता के पाठ्यक्रम में आरएसएस की बुरी छवि पेश करने को लेकर विवाद

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की अकादमिक परिषद के एक सदस्य ने आरोप लगाया है कि अंग्रेजी पत्रकारिता के अद्यतन पाठ्यक्रम में मुजफ्फरनगर दंगों और भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या किए जाने की घटनाओं पर पाठ शामिल हैं जो आरएसएस एवं उससे संबद्ध संगठनों को निशाना बनाने का प्रयास हैं। विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद के सदस्य रसल ंिसह ने यह भी कहा कि ऐसे पाठों की स्रोत सामग्री ‘‘पक्षपाती’’ समाचार पोर्टलों से ली गई है जो अक्सर सरकार की आलोचना करते हैं।

08:48 (IST)15 Jul 2019
दोस्त की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार

दक्षिणी दिल्ली के साकेत में अपने दोस्त की कथित तौर पर हत्या के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि मृतक नीरज 27 जून से लापता बताया जा रहा था।  नीरज के माता पिता ने साकेत पुलिस थाने में एक जुलाई को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक नीरज पहले भी चार-पांच दिनों के लिये घर से बाहर रहता था लेकिन इस दौरान वह फोन पर लगातार संपर्क में रहता था। इस बार उससे फोन से संपर्क नहीं हो रहा था। नीरज के दोस्तों पर तब शक हुआ जब उनमें से एक अमित (19) ने 13 जुलाई को खुलासा किया कि वह पहले लाडो सराय में था और नीरज उसके पास आता था।

08:47 (IST)15 Jul 2019
मॉडल प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में प्रेमी ने मॉडल बनने की आकांक्षा रखने वाली अपनी 19 वर्षीय प्रेमिका के ‘‘चरित्र’’ पर संदेह में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता की पहचान नागपुर निवासी खुशी परिहार और आरोपी की पहचान अशरफ शेख के रूप में हुई है। खुशी स्थानीय फैशन शो में भाग लिया करती थी और बड़ी मॉडल बनना चाहती थी।

08:18 (IST)15 Jul 2019
अमेरिकी युवक ने नौकरी लगाने के नाम पर युवती से 2.70 लाख रुपए ठगे

नोएडा में एक युवती से अमेरिकी युवक ने नौकरी लगाने के नाम पर 2.70 लाख रुपए ठग लिए। युवती की आरोपी युवक से फेसबुक के जरिए एक साल पहले दोस्ती हुई थी। युवती ने मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर 24 पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना सेक्टर 24 के एसएचओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस बाबत उन्हें शिकायत मिली है।

08:18 (IST)15 Jul 2019
बजरंग दल के नेता ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की, हुआ गिरफ्तार

झारखंड के जामताड़ा जिले में एक स्थानीय बजरंग दल नेता को सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नारायणपुर ब्लॉक के बजरंग दल के संयोजक प्रकाश मंडल को धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

07:54 (IST)15 Jul 2019
ईडब्ल्यूएस आरक्षण : दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) ने दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया

दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डीयूटीए) ने शैक्षणिक पदों के लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आरक्षण देने को हड़बड़ी में लागू करने का आरोप लगाते हुए सोमवार से दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। साथ ही, संघ ने शिक्षकों से हड़ताल के दौरान अपने कॉलेजों में आधिकारिक ड्यूटी में हिस्सा नहीं लेनी की भी अपील की है। सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में चौथी कट ऑफ सूची के लिए प्रवेश दिए जाएंगे जिसकी घोषणा शनिवार को की गई थी।

07:53 (IST)15 Jul 2019
मृत मरीज के परिजनों ने नायर अस्पताल के तीन रेजिडेंट डॉक्टरों पर हमला किया

मध्य मुंबई में नगर निगम संचालित नायर अस्पताल के तीन रेजिडेंट डॉक्टरों पर रविवार को एक मरीज के परिजनों ने हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से बीमार राजकिशोर दीक्षित (50) की इलाज के दौरान मौत होने के बाद शाम को उनके परिजनों ने डॉक्टरों पर हमला किया।