महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर की टिप्पणी के बाद अब उन्हीं की पार्टी के विधायक ने विवादित बयान दिया है। बलिया से भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने गुरुवार (28 नवंबर, 2019) को कहा कि नाथूराम गोडसे से महात्मा गांधी की हत्या करने की ‘भूल’ अवश्य हुई है लेकिन वह आतंकवादी नहीं थे। अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सिंह ने आगे कहा, ‘गोडसे से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का हत्या करने की भूल हुई है लेकिन वह आतंकवादी नहीं थे।’

बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र से विधायक सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि गोडसे आतंकवादी नहीं थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी हरकतों में शामिल होने वाला आतंकवादी होता है। गोडसे आतंकवादी नहीं थे। ‘गोडसे से भूल हुई है, उनको राष्ट्रभक्त राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या नहीं करनी चाहिए थी।’ यह पूछे जाने पर कि क्या गोडसे राष्ट्र भक्त थे, उन्होंने इस सवाल का कोई जबाब नहीं दिया।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में जब एसपीजी अमेंडमेंट बिल पर चर्चा के दौरान डीएमके के सांसद ए. राजा गोडसे के एक बयान का हवाला दे रहे थे कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा तो साध्वी प्रज्ञा ने उन्हें टोक दिया। साध्वी ने कहा, ‘आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते।’ हालांकि, प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को लोकसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया गया.

वहीं अपने टिप्पणी में गोडसे को देशभक्त बताने वाली प्रज्ञा ठाकुर ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में उनकी विवादित टिप्पणी क्रांतिकारी उधम सिंह के अपमान के खिलाफ की गई थी। उन्होंने कहा, ‘झूठ की आंधी कभी कभी इतनी हावी हो जाती है कि दिन भी रात जैसा नजर आने लगता है।’

उन्होंने अपनी टिप्पणियों के बचाव में ट्वीट किया। गुरुवार को किए ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘कभी-2 झूठ का बबण्डर इतना गहरा होता है कि दिन मे भी रात लगने लगती है किन्तु सूर्य अपना प्रकाश नहीं खोता पलभर के बवंडर मे लोग भ्रमित न हों सूर्य का प्रकाश स्थाई है। सत्य यही है कि कल मैने ऊधम सिंह जी का अपमान नहीं सहा बस।’ (भाषा इनपुट)