मोदी सरकार के लिए सर्वे में अच्छी खबर आई है। इसके मुताबिक, नरेंद्र मोदी को लोग अभी भी इतना पसंद करते हैं कि अगर आज इसी वक्त चुनाव हो जाएं तो मोदी फिर से प्रधानमंत्री बन जाएंगे। मूड ऑफ द नेशन के नाम से यह सर्वे चैनल इंडिया टुडे ने कार्वे इनसाइट के साथ मिलकर किया है। इसमें पता लगा है कि देश की 50 प्रतिशत जनता अब भी मोदी के साथ है। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 13 प्रतिशत वोटों के साथ काफी पीछे हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सोनिया गांधी, राहुल से भी पीछे हैं। इस सर्वे से यह साफ हो गया है कि दो साल में बीजेपी के राज में हुई कोई भी बात उनके खिलाफ नहीं गई है।

हालांकि, सर्वे में यह भी निकलकर आया कि बीजेपी पार्टी की स्थिति 2014 के मुकाबले अब कमजोर हो गई है। अगर आज चुनाव हो जाएंगे तो बीजेपी और उसके गठबंधन को 304 सीटें मिलेंगी। वहीं 2014 में NDA ने 336 सीटें जीती थीं। इस सर्वे में पसंदीदा सीएम के बारे में भी बताया गया। सर्वे के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे मशहूर सीएम हैं। दोनों को 14 प्रतिशत वोट मिले हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीसरे पर।

हालांकि, दिल्ली के लोगों के बीच जब सर्वे हुआ तो वहां के लोगों ने केजरीवाल को कम पसंद किया। वहीं अपने राज्य में नीतीश कुमार सबसे लोकप्रिय हैं। यह सर्वे 19 राज्यों के 97 संसदीय क्षेत्रों में करवाया गया था। इसमें लगभग 12,000 लोगों से सवाल जवाब किए गए।