Vladimir Putin Praised PM Modi: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बड़े देशभक्त हैं। पुतिन ने भारत की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि औपनिवेशिक स्वतंत्रता के बाद भारत ने बहुत प्रगति की है।
मॉस्को में वल्दाई डिस्कशन क्लब की 19वीं वार्षिक बैठक में पीएम मोदी की तारीफ में रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वह एक देशभक्त हैं और अपने देश की स्वतंत्र सोच को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं। उन्होंने भारत और रूस के संबंधों को बहुआयामी बताया। पुतिन ने कहा कि भारत की एक स्वतंत्र विदेश नीति रही है और रूस के साथ हमेशा से ही खास संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से भारत और रूस के बीच खास संबंध विकसित हुए हैं। दोनों देशों के बीच कोई भी मुद्दा बचा हुआ नहीं है।
PM मोदी सच्चे देशभक्त: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, “भारत ने ब्रिटेन के उपनिवेश से आधुनिक राज्य बनने के बीच जबरदस्त प्रगति की है। इसने ऐसे विकास किए हैं जो भारत को सम्मान और प्रशंसा का पात्र बनाते हैं।” पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में बहुत कुछ किया गया है। स्वाभाविक रूप से वह एक देशभक्त हैं। मेक इन इंडिया के लिए उनका विचार आर्थिक और नैतिक दोनों रूप से मायने रखता है।”
पुतिन ने आगे कहा, ‘भविष्य भारत का है। इसे सबसे बड़ा लोकतंत्र होने पर गर्व हो सकता है। हमारे बीच घनिष्ठ संबंध हैं।’ भारत के विकास को ब्रिटिश उपनिवेश से आधुनिक राज्य तक जबरदस्त बताते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग 1.5 बिलियन लोग और निश्चित विकास परिणाम भारत के सम्मान और प्रशंसा का पात्र बनाते हैं। पुतिन ने रक्षा साझेदारी और बढ़ते व्यापारिक संबंधों का भी जिक्र किया। व्लादिमीर पुतिन ने कहा, “हमारे बीच व्यापार में बहुत वृद्धि हुई है। पीएम मोदी ने मुझसे भारत के लिए उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कहा और इसमें 7.6 गुना की वृद्धि हुई है। कृषि से जुड़ा व्यापार लगभग दोगुना हो गया है।”