Narendra Modi Cabinet Ministers List of India 2019 Giriraj Singh: बिहार में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह अक्सर विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। 16वीं लोकसभा तक वह नवादा के सांसद थे लेकिन इस बार उन्हें पार्टी ने बेगुसराय से चुनाव मैदान में उतारा और उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। गिरिराज को एक बार से मंत्री बनाया गया है। इससे पहले मोदी सरकार में वह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर कैबिनेट में थे। उन्हें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग दिया गया था।
अब बात गिरिराज सिंह की शख्सियत की करें तो वह कट्टर हिंदूवादी छवि के तौर पर जाने जाते हैं। वह अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस चुनाव में भी वह अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे और चुनाव आयोग को उनके खिलाफ मामला दर्ज करना पड़ा।
चुनावी माहौल में दिए कुछ विवादित बयान: चुनाव आयोग को सभी तरह के हरे झंडों पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए जोकि खास धर्म और उसके राजनीतिक समर्थन का परिचायक है। हरे रंग का झंडा नफरत फैलाने वाला और पाकिस्तान का द्योतक लगता है। मुसलमानों से हिंदू नाराज हो गए और यह नफरत ज्वाला में बदल गई तो मुसलमान सोचें फिर क्या होगा। जहां हिंदुओं की आबादी कम है, वहां उनकी आवाज बंद हो जाती है।
नीतीश सरकार में भी मंत्री रहे
इससे पहले वह नीतीश सरकार में भी मंत्री रहे हैं। गिरिराज सिंह के सियासी सफर को देखें तो वह 2002 से 2014 तक लगातार बिहार विधान परिषद सदस्य बने रहे। 2008 से 2010 तक वह बिहार में नीतीश सरकार में सहकारिता मंत्री थे। 2010 में वह पशु-मत्स्य संसाधन विकास विभाग के मंत्री बने। फिर 2014 में वह लोकसभा चुनाव नवादा से जीते। पीएम मोदी ने उन्हें अपने कैबिनेट में जगह दी थी।