नागपुर हिंसा मामले में प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने फहीम खान को नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड करार दिया है। वह पुलिस हिरासत में है। वहीं नगर निगम की टीम ने फहीम खान के घर पर बुलडोजर चलाया है। फहीम खान के घर के अवैध हिस्से पर नगर निगम का बुलडोजर चला है। नगर निगम ने फहीम खान को अवैध निर्माण हटाने के लिए 24 घंटे का वक्त दिया था जो पूरा हो चुका है।
फहीम खान को मिला नोटिस
फहीम खान ने खुद अवैध निर्माण नहीं हटाया। ऐसे में प्रशासन ने घर पर बुलडोजर चलाया। नागपुर महानगरपालिका के अंतर्गत संजय बाग कॉलोनी में फहीम खान का घर है। यह दो मंजिला घर है, जिसे आज तोड़ा गया। नागपुर पुलिस ने फहीम खान की दो दुकानों को भी सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि इन दुकानों का उपयोग नागपुर में दंगा करने वालों दंगाइयों द्वारा किया गया था।
कौन है फहीम खान?
फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का शहर अध्यक्ष है। फहीम खान नागपुर के यशोधरा नगर में संजय बाग कॉलोनी में रहता है। FIR में उसका नाम भी शामिल है। FIR के अनुसार फहीम खान ने झड़प शुरू होने से कुछ समय पहले भड़काऊ भाषण दिया था। इसके कारण ही हिंसा भड़की। फहीम खान 2024 के लोकसभा चुनाव में नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुका है। हालांकि उसे साढ़े छह लाख वोटों के अंतर से हार मिली थी।
औरंगजेब की कब्र को लेकर ASI की बड़ी कार्रवाई, मकबरे को कर दिया कवर
पुलिस के अनुसार फहीम खान द्वारा इकट्ठा की गई भीड़ ने कुल्हाड़ी, पत्थर, लाठियां और अन्य खतरनाक हथियारों के साथ आतंक पैदा करने के इरादे से हथियारों को हवा में लहराया। फहीम खान पर धार्मिक दुश्मनी को बढ़ावा देने के इरादे से सामाजिक सद्भाव को बिगड़ने का भी आरोप लगा है।
नागपुर में क्या हुआ था?
महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुछ प्रदर्शनकारी कब्र को हटाने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बाद में हिंसक भीड़ ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की और वाहनों को आग लगा दी। पुलिस ने अब तक 60 से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया है। कुछ समय तक इलाके में कर्फ्यू भी लगाया गया था। हालांकि अब हालात सामान्य है।