भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कहना है कि राजस्थान की वसुंधरा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतर रही है। शाह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के किसानों के हित में उठाए गए कदमों की तारीफ के साथ ही वसुंधरा सरकार के जनहित में किए गए कामों की भी सराहना की। इसके साथ ही शाह ने राजस्थान में भाजपा संगठन और सरकार के तालमेल को भी बेहतरीन करार दिया।
राज्य में वसुंधरा सरकार की दूसरी सालगिरह के जश्न के मौके पर रविवार को हुए कार्यक्रम में शाह ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने भाजपा के नारे सबका विकास और सबका साथ को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने राजस्थान में भाजपा के काम को बहुत पुराना करार देते हुए कहा कि पहले भैरों सिंह शेखावत और अब वसुंधरा राजे ने जनता के हित में कई महत्त्वपूर्ण योजनाएं शुरू कर नए आयाम स्थापित किए हैं।
प्रदेश में वसुंधरा राजे के दो साल के शासन में ही कई बदलाव सामने आ गए हैं। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार होने का फायदा राजस्थान की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि उसके 50 साल के शासन में जो कुछ नहीं हुआ वो राजे ने दो साल में कर दिखाया है। प्रदेश में दो साल में कोई घपले और घोटाले नहीं हुए हैं। यह कांग्रेस के नेताओं को नहीं दिख रहा है।
राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के खटास भरे रिश्तों की अटकलबाजी के बीच अमित शाह ने वसुंधरा सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में संगठन और सरकार एक ही दिशा में चल रहे हैं। शाह ने कहा कि विधानसभा की 200 में से 163 सीटें और लोकसभा की सभी 25 सीटें देकर जनता ने भाजपा पर बहुत बड़ा भरोसा जताया है। सरकार के कामकाज की ही बदौलत अब भाजपा ने शहरी निकायों और पंचायत संस्थाओं में जीत हासिल कर जनता का फिर से भरोसा हासिल किया है। भाजपा सरकार ने नवाचार कर जनता को नए ढंग से विकास से जोड़ा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार पांच साल तक ऐसे ही काम करती रहेगी और आने वाले समय में एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। शाह ने केंद्र की मोदी सरकार के प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को दी जाने वाली मदद का विशेष तौर पर जिक्र किया। प्रदेश में सात नए मेडिकल कालेजों की स्थापना पर शाह ने खुशी जताते हुए कहा कि इससे लोगों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दूसरी सालगिरह के मौके पर अपनी सरकार की दो साल की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भी कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश का माहौल बन गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 6 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। भाजपा ने पांच साल में 15 लाख रोजगार के अवसर मुहैया कराने का वादा किया था। राजे ने प्रदेश में आने वाली बड़ी कंपनियों के निवेश को लेकर कहा कि इससे प्रदेश में विकास के रास्ते खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ रहा है। सरकार की दूसरी सालगिरह के जश्न पर प्रदेश भाजपा ने प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं को बुलाया था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि जनता खुश है और कांग्रेस को निराशा हो रही है। सभा में केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांवरलाल जाट और निहालचंद मेघवाल के अलावा प्रदेश के सभी मंत्रियों ने अपने कामकाज का ब्योरा भी रखा। इससे पहले मुख्यमंत्री राजे ने सरकार के कार्यक्रमों से जुड़ी विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।