असहिष्णुता के मुद्दे पर देश में आलोचना का सामना कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वेम्‍बले स्‍टेडियम में विरोधियों पर कड़ा प्रहार किया। हालांकि, उन्‍होंने असहिष्णुता का जिक्र नहीं किया, लेकिन हमले करने में कोई कसर भी नहीं छोड़ी। ब्रिटिश पीएम डेविड कैमरन की मौजूदगी में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत विविधताओं से भरा देश है और विविधता हमारी आन, बान, शान है। हमारे यहां 100 भाषाएं, 1500 बोलियां और हजारों खानपान की पद्धतियां तथा सैकड़ों वेश-भूषा हैं। लेकिन यह विविधता हमारी विशेषता भी है।’

उन्‍होंने राजस्थान के अलवर जिले के इमरान खान का जिक्र करते हुए कहा, ‘राजस्थान में अलवर करके एक जिला है। वहां इमरान खान नाम का एक व्यक्ति रहता है। ये इमरान खान शिक्षा के लिए समर्पित है। अलवर जैसे छोटे स्थान के इमरान ने मोबाइल की 50 एप बनाए हैं। इमरान ने ये 50 एप विद्यार्थियों के नाम मुफ्त में समर्पित भी कर दिए हैं। मेरा हिंदुस्तान अलवर के उस इमरान खान में बसता है।’ पीएम मोदी ने ब्रिटिश और भारतीय मीडिया में चल रहे असहिष्‍णुता के मुद्दे पर भी चुटकी ली। उन्‍होंने कहा कि आप ये समझने की भूल मत करना कि हिंदुस्‍तान अखबारों की हेडलाइन या टीवी से देखा जा सकता है। हिंदुस्‍तान बहुत बड़ा है।

कौन हैं इमरान खान

इमरान अलवर के संस्कृत सीनियर सेकंडरी स्कूल में मैथ्‍स के टीचर हैं। उन्होंने केवल 3 साल में 42 एंड्रॉइड एप और 100 से ज्यादा वेबसाइट्स तैयार की हैं। इन एप्‍स को अब तक 25 लाख से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। उन्होंने ये सभी ऐप्स किताबों और गूगल की मदद से डेवलप की। इमरान ने 2005 में सबसे पहले ‘जीकेटॉक’ नाम का वेब पोर्टल शुरू किया। इस पोर्टल से लोग जनरल नॉलेज से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Read Also:

लंदन में पीएम: गार्डियन में अनीश कपूर ने लिखा- भारत में हिंदू तालिबान का राज, मोदी विष्‍णु के अवतार