Munak Canal Barrage Breaks in Delhi: देश के कई इलाकों में मानसून की बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। एक तरफ यूपी और असम के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं दूसरी तरफ मुंबई का भी बारिश से बुरा हाल है। इस बीच देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जेज कॉलोनी बिना बारिश के ही डूबने लग गई। यहां बुधवार की रात इतना पानी भर गया कि सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। यह सब उस समय हुआ जब हरियाणा से दिल्ली को पानी सप्लाई करने वाली मुनक नहर की दीवार टूट गई।

जेजे कॉलोनी की कुछ वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें देखा जा रहा है कि यहां पानी भर जाने के कारण लोग अपने सामान के साथ सुरक्षित इलाके में जाते नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि बारिश न होने के बावजूद कॉलोनी की सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं। यहां एक तरफ आसमान में सूर्यदेव रूठ गए हैं तो वहीं दूसरी तरफ जमीन पर पानी नजर आ रहा है, जिससे लोग परेशान हैं।

नहर का पानी कॉलोनी में घुसा

दरअसल नहर बीती रात 2 बजे टूट गई। इससे पहले कि सिस्टम नहर की मरम्मत के लिए कोई कार्रवाई शुरू करता, नहर का पानी कॉलोनी में घुस गया। उधर, हरियाणा ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए नहर का पानी रोक दिया। फिलहाल मुनक नहर की जो दीवार ढह गई है, उसकी मरम्मत कराई जा रही है। यहां के लोगों का जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। दिल्ली के लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ सकता है। मुनक नहर का पानी हैदरपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए सप्लाई होता है।

बता दें कि मुनक नहर के रखरखाव की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार उठाती है। इसके बाद यह दिल्ली जलबोर्ड भी इसकी देखरेख करता है। मुनक नहर की दीवार टूटने के बाद दोनों दिल्ली और हरियाणा सरकार दोनों ही इसकी मरम्मत का काम कर रहे हैं। बारिश के मौसम में अक्सर जब पानी का बहाव काफी तेज होता है तो मुनक नहर की कुछ जगहों पर दरार आ जाती है। इस नहर के जरिये पानी वजीराबाद तक पहुंचता है। इसी के बाद पानी अलग-अलग वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में भेजा जाता है।

बीजेपी ने आप सरकार को घेरा

भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया है। आप की आलोचना करते हुए बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अगर कुछ भी ध्यान नहीं रखा जाएगा या सही रखरखाव नहीं किया जाएगा, तो हमें ऐसी खबरें मिलेंगी। हालांकि, हम अपने स्तर से जो कर सकते हैं, हम केंद्र के स्तर से हर संभव काम करेंगे। लेकिन, दिल्ली सरकार को आगे आकर इस बारे में कुछ करना चाहिए क्योंकि लोग परेशानी में हैं।