मुंबई पुलिस ने शहर के एक स्पा में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाई है, हत्या की टाइमलाइन और वजह जानकार आप चौंक जाएंगे। वर्ली इलाके में एक स्पा के हुई इस हत्या के सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के कुछ घंटों बाद बुधवार देर रात पड़ोसी पालघर जिले के नालासोपारा से 26 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला बुधवार की सुबह का है जब दो अज्ञात लोगों ने गुरु वाघमारे (52) की हत्या स्पा के अंदर कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि वाघमारे खुद को पुलिस का मुखबिर और सामाजिक कार्यकर्ता बताता था। उसके खिलाफ बलात्कार और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज थे। अब आप सोच रहे होंगे इसमें चौंकाने वाला ऐसा क्या है? और क्यों इसे गजनी फिल्म से जोड़कर देखा जा रहा है? दरअसल यह कहा जा रहा है कि वाघमारे ने बॉडी पर 22 नामों के टैटू बनवा रखे थे, जो संभवत उसके दुश्मन थे।
सुपारी लेकर की गई हत्या
मुंबई के विले पार्ले में रहने वाला गुरु वाघमारे वर्ली नाका स्थित स्पा में जाता था और वहां काम करने वाले लोग उसे जानते थे। जब वाघमारे मंगलवार शाम को स्पा में गया, तो उसकी 21 वर्षीय गर्लफ्रेंड और तीन दोस्तों ने उसके जन्मदिन की पार्टी के लिए कहा। इसके बाद पांचों सायन के एक होटल में गए। करीब 12.30 बजे वे सभी स्पा में वापस आए। पुलिस ने बताया कि कुछ समय बाद तीनों दोस्त चले गए, जबकि वाघमारे और उसकी गर्लफ्रेंड वहीं रुक गए। उन्होंने बताया कि करीब दो घंटे बाद दो अलग-अलग लोग स्पा में आए और वाघमारे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी वर्ली पुलिस को करीब 2.30 बजे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वाघमारे को खून से लथपथ पाया और उसका गला कटा हुआ था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के खिलाफ कम से कम 10 मामले दर्ज हैं, जिनमें मुलुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज बलात्कार का मामला भी शामिल है।
आजतक की खबर के मुताबिक गुरु वाघमारे ने अपनी जांघ पर 22 दुश्मनों के नाम गुदवाए हुए थे। पुलिस के मुताबिक स्पा के मालिक संतोष शेरकर का नाम भी इनमें से एक था। अब पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से स्पा मालिक भी इस हत्या के पीछे हो सकता है, जबकि गुरु की गर्लफ्रेंड की भूमिका की जांच भी जारी है।