Weather forecast: सितंबर का महीना शुरू हो चुका है। यह दक्षिण-पश्चिम मानसून का आखिरी महीना है। देश के कुछ हिस्सों में अब भी लगातार बारिश हो रही है। महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात में इन दिनों कई इलाके भारी बारिश से सराबोर हैं। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी इन दोनों राज्यों में राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में आज मूसलाधार बारिश के आसार हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश से हालात बिगड़ सकते हैं।

इसके अलावा मौसम विभाग ने ओडिशा, कोंकण, गोवा के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा उत्‍तराखंड, उत्‍तर प्रदेश, राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं राजधानी दिल्ली का तापमान 31 डिग्री रहेगा। वहीं हवा में 77% नमी रहेगी जिससे मौसम उमस भरा रहेगा।

Live Blog

Highlights

    21:35 (IST)06 Sep 2019
    मध्य प्रदेश:12 सितंबर तक लगातार बारिश की संभावना

    मध्य प्रदेश में 12 सितंबर तक लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वहीं कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

    20:49 (IST)06 Sep 2019
    मुंबई: अगले दो दिन बारिश की आशंका

    मुंबई में इस हफ्ते की शुरुआत में जोरदार बारिश हुई। मुंबई में लोगों को अभी बारिश से राहत नहीं मिलेगी। अगले 2 दिन भारी बारिश की आशंका है। पुणे मौसम विभाग के हेड डॉक्टर अनुपम कश्यपी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा है कि मुंबई में मानसून के एक बार फिर दस्तक देने के बाद शनिवार और रविवार को भारी बारिश की आशंका है।

    19:50 (IST)06 Sep 2019
    राजस्थान: उत्तरी-पश्चिमी जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं

    राजस्थान के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। इन इलाकों को अभी और इंतजार करना होगा। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वहीं राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली विशेषकर जयपुर और आस-पास के इलाकों में।

    18:59 (IST)06 Sep 2019
    जयपुर में बारिश, तापमान में गिरावट

    राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार को बादल जमकर बरसें। यहां दोपहार बाद जोरदार बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। जयपुर ही नहीं बल्कि आस-पास के इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। हालांकि कई जगह पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

    18:32 (IST)06 Sep 2019
    अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में होगी बारिश

    अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी तेलंगाना, विदर्भ और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट के मुताबिक तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की आशंकी है।

    17:52 (IST)06 Sep 2019
    भोपाल: करीब आधे घंटे हुई बारिश, निचले इलाकों में सबसे ज्यादा

    भोपाल में मानसून सक्रिय है और बारिश का सिलिसिला भी जारी है। राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे जिसके बाद दोपहर तीन बजे बादल बरसना शुरू हुए। इस दौरान अंधेरा छा गया। करीब आधे घंटे कई इलाकों में बारिश हुई। शहर के निचले इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश हुई।

    15:45 (IST)06 Sep 2019
    हिमाचल में भारी बारिश

    हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर पिछले 24 घंटे से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। शिमला में मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मानसून राज्य में सामान्य है और बिलासपुर जिले के अलग अलग इलाकों में भारी बारिश हुई है। बता दें कि शिमला स्थित मौसम केंद्र ने आठ सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है।

    14:55 (IST)06 Sep 2019
    भारतीय मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी दी

    भारतीय मौसम विभाग ने ओडिशा, कोंकण और गोवा के कई इलाकों में बहुत अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। यहां तेज बारिश से हालात भी खराब हो सकते हैं। वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तसीगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, मराठवाड़ा, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्ष्यद्वीप और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

    13:53 (IST)06 Sep 2019
    अंडमान में आ सकता है बारिश के साथ तेज तूफान

    गोवा और तेलंगाना में मौसम ने करवट ली है। यहां तेज बारिश की संभावनाएं हैं। इसके अलावा दक्षिण में अंडमान और निकोबार में बारिश के साथ तेज तूफान आ सकता है।

    13:37 (IST)06 Sep 2019
    11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश

    बीते एक हफ्ते में देश के 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। महाराष्ट्र में 1 जून से 4 सितंबर तक 1053 मिमी बारिश हुई, जो औसत 857 मिमी से करीब 23% ज्यादा है।

    13:02 (IST)06 Sep 2019
    30 उड़ानें रद्द

    मुंबई में बारिश की वजह से 30 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 118 देरी से चल रही हैं। रेलवे के मुताबिक, ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई से 10 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दूसरी ओर, लोकल ट्रेनों में देरी के कारण गुस्साए यात्रियों ने अंधेरी और सीएसटी स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और ट्रेन रोककर विरोध जताया।

    12:46 (IST)06 Sep 2019
    कर्नाटक के बेलगावी में भारी बारिश

    राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने कहा कि हमारी 5 वीं बटालियन, NDRF पुणे की तीन टीमों को भारी वर्षा और बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद कर्नाटक के बेलगावी में भेज दिया गया है।

    11:54 (IST)06 Sep 2019
    दिल्ली का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस

    दिल्ली में आज अधिकतम तापमान सामान्य से एक तीन कम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर 69 से 83 फीसद है।

    11:01 (IST)06 Sep 2019
    दिल्ली में आज भी नहीं होगी बारिश

    दिल्ली का मौसम बेहद चिपचिपा और उमस भरा रहेगा। सूरज की तपन के साथ बढ़ती धूप से ऐसा लग रहा कि आज भी राजधानी में बारिश नहीं होगी।

    10:20 (IST)06 Sep 2019
    ऑरेंज अलर्ट जारी

    बारिश की वजह से मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में लोग बेहाल हो सकते हैं। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

    09:48 (IST)06 Sep 2019
    गुजरात में तेज बारिश के आसार

    महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात में इन दिनों कई इलाके भारी बारिश से सराबोर हैं। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी इन दोनों राज्यों में राहत मिलने के आसार नहीं हैं।