मुंबई के नौसेना क्षेत्र में एक शख्स सेना के संतरी के रूप में पहुंचा और रायफल और गोलियों सहित फरार हो गया। दक्षिण मुंबई स्थित नौसेना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खुद को नौसैनिक कर्मी बताकर संतरी ड्यूटी पर तैनात एक जूनियर नाविक को वहां से जाने को कहा और फिर रायफल, गोलियों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि भारतीय नौसेना और मुंबई पुलिस ने आरोपी व्यक्ति और हथियारों की तलाश के लिए संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार रात दक्षिण मुंबई स्थित नौसेना के आवासीय परिसर में हुई। मामले की जांच के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी’ गठित किया गया है।
नौसेना अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज
मुंबई पुलिस ने बताया कि कफ परेड थाने में नौसेना अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। रक्षा पीआरओ का कहना है, “मुंबई में नौसेना के आवासीय क्षेत्र में 6 सितंबर 2025 की रात को एक संतरी पोस्ट से गोला-बारूद के साथ एक राइफल के खोने की सूचना मिली थी। मुंबई पुलिस के समन्वय में खोई हुई वस्तुओं को बरामद करने के लिए एक व्यापक तलाशी अभियान चल रहा है। घटना के लिए परिस्थितियों की जांच करने के लिए एक जांच बोर्ड का आदेश दिया गया है। मामले की जांच अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा भी की जा रही है और इस प्रयास को नौसेना की सहायता के लिए बढ़ाया जा रहा है।
पढ़ें- अपनी जगह दूसरे से परीक्षा दिलवाने वाले आरोपी को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार
आरोपी ने नौसेना की वर्दी पहन रखी थी
पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने नौसेना की वर्दी पहन रखी थी और वह कथित तौर पर संतरी ड्यूटी पर तैनात नाविक के पास पहुंचा। उसने दावा किया कि वह उसे ‘रिलीव’ कर उसकी जगह ड्यूटी करने आया है। उन्होंने बताया कि जूनियर नाविक ने उसे रायफल और गोलियां सौंप दीं। कुछ समय बाद जब संतरी ड्यूटी संभालने वाला व्यक्ति वहां नहीं दिखा तब उसे शक हुआ और खोजने पर पता चला कि वह रायफल और गोलियों सहित नदारद हो चुका है। कफ परेड पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा भी की जा रही है और भारतीय नौसेना इस जांच में पूर्ण सहयोग कर रही है।
(इनपुट-भाषा)