Woman Doctor Assaulted: देश में डॉक्टरों पर हो रहे हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुंबई के सायन अस्पताल का है। यहां पर नशे में धुत एक मरीज अचानक हिंसक हो गया और लेडी डॉक्टर पर हमला कर दिया। इस घटना को लेकर बीएमसी एमएआरडी एसोसिएशन के डॉक्टरों ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

मुंबई में रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएमसी के MARD की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। मरीज के चेहरे पर चोट लगी हुई थी और वह अपने 5-6 रिश्तेदारों के साथ लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल जनरल अस्पताल पहुंचा। वह नशे की हालत में था। मरीज को महिला ENT डॉक्टर के पास भेजा गया। जब वह डॉक्टर चेहरे की चोट को देख रही थी तो मरीज ने उन्हें धक्का दे दिया।

डॉक्टर के साथ मारपीट

इसके बाद आरोपी ने लेडी डॉक्टर के चेहरे पर खून लगा दिया। वह इतने पर ही नहीं रूके रुई को भी चेहरे पर चिपकाने की कोशिश करने लगे। महिला डॉक्टर ने जब बचने की कोशिश की तो उनके हाथ में चोट लग गई। आरोप है कि डॉक्टर के साथ गाली गलौज और मारपीट की गई। महिला डॉक्टर ने अपने बचाव के लिए तुरंत सिक्योरिटी और हॉस्पिटल के कर्मचारी को बुला लिया। इसके बाद मरीज और उसके परिजन मौके से भाग गए।

क्या कोलकाता केस में ‘बड़ी मछली’ को बचाया जा रहा? लेडी डॉक्टर के पिता और सहयोगियों ने किया बड़ा खुलासा

पुलिस ने टीम का गठन किया

इसके बाद रेजिडेंट डॉक्टर पुलिस स्टेशन पहुंचे और उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बड़ी सिक्योरिटी की खामियों को सामने लाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सिक्योरिटी से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की स्थिति पर तुरंत ध्यान देने और सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा पर फोकस करना चाहिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई हैं।

बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के विरोध में सभी सरकारी मेडिकल स्कूल के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं। हड़ताल करने वाले डॉक्टर केवल इमरजेंसी ड्यूटी पर जा रहे हैं। ओपीडी या किसी भी दूसरी तरह की सेवाएं चालू नहीं हैं। उनकी हड़ताल 13 अप्रैल को शुरू हुई थी और अभी तक जारी है।