पंजाब और महाराष्ट्र (PMC) सहकारी बैंक घोटाले के बाद महाराष्ट्र में एक और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां एक जूलरी का बिजनेस करने वाली जूलरी चेन कंपनी गुडविन ज्वैलर्स हजारों लोगों की जमा राशि लेकर फरार है। ऐसे में चेन स्टोर के पास निवेश करने वाले सैकड़ों लोगों की जमा पूंजी फंस गई है और उन लोगों का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के कल्याण के डोंबिविली स्थित गुडविन ज्वैलर्स के मालिक सुनिल कुमार और सुदीश कुमार अपने स्टोर पर ताला लगा कर फरार हैं। रामनगर पुलिस ने इस संबंध करीब शिकायत के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इसके बाद की कार्रवाई में पुलिस ने डोंबिविली स्थित गुडविन शोरूम को सील कर दिया।
गुडविन ज्वैलर्स के मुंबई और पुणे में करीब 13 आउटलेट्स हैं। गुडविन ग्रुप जूलरी के अलावा कंस्ट्रक्शन, सिक्योरिटी डिवाइसेज और आयात व निर्यात से जुड़े काम में लगा हुआ है। कंपनी में निवेश करने वाले अधिकतर मुंबई में बसे केरल के लोग हैं। कंपनी की तरफ से फिक्स डिपॉजिट की एवज 16 फीसदी की ब्याज दर का झांसा दिया गया था।
इसमें निवेशकों को एक महीने से लेकर एक साल तक की अवधि तक निवेश करने का विकल्प उपलब्ध था। निवेशकों को अपनी जमा राशि के बदले सोना लेने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाता था। निवेश का रिटर्न कैश में चाहने वाले लोगों के लिए वेटिंग पीरियड 14 महीने था। कई निवेशकों का कहना है कि उन्हें 18 से 20 फीसदी रिटर्न का वादा किया गया था।
दो हजार से 50 लाख रुपये तक निवेशः मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों का दावा है कि उन्होंने कंपनी में दो हजार रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक का निवेश किया हुआ है। गुडविन ग्रुप के प्रोमोटर्स सुनील कुमार और सुदीश कुमार केरल के त्रिशूर के रहने वाले हैं। ये दोनों पहले मुंबई की एक अग्रणी जूलरी स्टोर को गोल्ड की सप्लाई करते थे। इन्होंने 1998 से 2002 तक गोल्ड सप्लाई करने का कमा किया था। इसके बाद इन लोगों ने खुद का काम शुरू कर दिया था।
कंपनी के डोंबिविल शोरूम सील होने की खबर के बाद ठाणे से भी कई लोग सामने आए हैं। दिवाली के बाद अभी कई और निवेशकों के सामने आने की बात कही जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ग्रुप के प्रोमोटर्स का फोन बंद आर रहा है। मालूम हो कि कंपनी की डोंबिविली ब्रांच सात साल पहले खोली गई थी।