मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर युगांडा के एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। यात्री से करीब 7.85 करोड़ रुपये मूल्य की 785 ग्राम कोकीन जब्त की गई है। मुंबई कस्टम्स ने ये कार्रवाई की है। एक अधिकारी ने सोमवार यह जानकारी दी।
निगलकर अपने पेट में छुपा लिया था कोकीन
अधिकारी ने बताया कि यात्री ने यात्रा के दौरान इसे निगलकर अपने पेट में छुपा लिया था। अधिकारी ने कहा, “संदेह के आधार पर, यात्री को 9 अप्रैल की रात को मुंबई कस्टम्स ने रोका। पूछताछ के दौरान, आरोपी बेचैन और चिंतित पाया गया। फिर उसने स्वीकार किया कि उसने बड़ी संख्या में पीली गोलियां निगल ली थीं। मेडिकल जांच में पता चला कि पेट में गोलियों का वजन 785 ग्राम था।”
अधिकारी ने बताया कि गोलियों में एक सफेद पाउडर जैसा पदार्थ था, जिसके कोकीन होने का संदेह है। उन्होंने कहा, “रविवार को मेडिकल जांच के बाद 7.85 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवा बरामद की गई। युगांडा के नागरिक को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।”
PNB घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी गिरफ्तार तो हुआ लेकिन अब आगे क्या होगा, जानें मामले की पूरी टाइमलाइन
एक दिन पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
बता दें कि एक दिन पहले ही मुंबई के एयरपोर्ट से DRI के अधिकारियों ने 6.3 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया था। इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सोने के खरीदार को भी पकड़ लिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें विशेष जानकारी मिली थी जिसके आधार पर यात्री को पकड़ा गया और वह बैंकॉक से मुंबई आ रहा था।
आरोपी ने अपने जूते में छुपा कर 6.5 किलोग्राम सोना रखा हुआ था और इसकी कीमत 6.3 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी इंटरनेशनल गोल्ड स्मगलिंग रैकेट से जुड़ा हुआ है। उसे एक व्यक्ति को सोना बेचना था और इसके बाद ही टीम ने संभावित खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया।
