मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से बच गया है। यहां एक चार्टर्ड विमान भारी बारिश की वजह से रनवे से फिसल गया। इस विमान में 6 यात्री और 2 क्रू मेंबर थे। DGCA द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाला VSR वेंचर्स लियरजेट 45 विमान वीटी-डीबीएल मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे 27 पर उतरते समय रनवे से फिसल गया।
इस विमान में 6 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। DGCA ने बताया कि जिस समय यह चार्टर्ड प्लेन उतर रहा था, उस समय मुंबई एयरपोर्ट पर भारी बारिश की वजह से दृश्यता 700 मीटर थी। हादसे के थोड़ी देर बाद न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विमान में सवार सभी 8 लोगों के चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह विमान हादसा शाम 5 बजे के थोड़ी देर बाद हुआ। हादसे के बाद थोड़ी देर के लिए दोनों रनवे बंद कर दिए गए। शाम करीब 6.47 बजे एक रनवे पर ऑपरेशन वापस शुरू किए गए। मुंबई एयरपोर्ट ने एक बयान के जरिए बताया कि हादसा शाम पांच बजकर आठ मिनट पर हुई। बयान में बताया गया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद ऑन ग्राउंड टीम साइट को क्लियर करने में जुट गई।