करोड़ों रुपए के सारदा चिटफंड घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा के सांसदों की गिरफ्तारी से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तमतमाई हुई हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार उनसे धर्मनिरपेक्ष दलों का साथ देने का बदला ले रही है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के सांसद सृंजय बोस को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वे नेहरू पर हुए सम्मेलन में दिल्ली गई थीं। ममता ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उसमें हिम्मत है तो बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाकर और उन्हें गिरफ्तार कर दिखाए।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला और उनके व उनकी पार्टी के खिलाफ प्रतिशोध लेने का आरोप लगाया। ममता ने पार्टी की एक बैठक में कहा कि उन्हें मुझे जेल भेजने दीजिए, मैं इसे देखूंगी। मैं देखूंगी कि वहां कितनी बड़ी जेल है। बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक और मंत्री भी शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा-अगर हम पर प्रहार होता है, तो हम भी जवाब देंगे। हम सभी चुनौतियों को स्वीकार करते हैं। तृणमूल कार्यकर्ता भाजपा से नहीं डरें और भगवा पार्टी की साजिशों के खिलाफ एकजुट हों।

उन्होंने केंद्र को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की चुनौती दी। उन्होंने कहा-मैं उन्हें राष्ट्रपति शासन लगाने की चुनौती देती हूं। हम मतपत्रों के जरिए उसका जवाब देंगे। हम सत्ता के गुलाम नहीं हैं। हम सिर्फ लोगों के लिए काम करते हैं। हम अपने खिलाफ चुनिंदा तरीके से प्रतिशोध के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित करेंगे। वे विरोध की सभी आवाजों को शांत करा देना चाहते हैं। वे मुझसे भयभीत हैं, इसलिए वे साजिश में लगे हैं।

ममता ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध के खिलाफ हमारी लड़ाई शुरू हो गई है। उन्होंने हम पर प्रहार किया है, हम राजनीतिक रूप से जवाब देंगे। नेताजी इंडोर स्टेडियम में विभिन्न जिलों से हजारों पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। कुछ पार्टी कार्यकर्ता स्टेडियम के बाहर भी जमा थे।

पार्टी सांसद सृंजय बोस की शुक्रवार को हुई गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए ममता ने दावा किया कि भाजपा वास्तव में उन्हें निशाना बना रही है क्योंकि वे जवाहरलाल नेहरू की 125वीं जयंती के मौके पर दिल्ली में कांग्रेस के आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा-धर्मनिरपेक्ष दलों की एक सभा में शामिल होने के लिए मैं दिल्ली गई, सिर्फ इसलिए उन्होंने हमारे एक सांसद को गिरफ्तार कर बदला लिया। मैं इस चुनौती को स्वीकार करती हूं और धर्मनिरपेक्षता के लिए मैं बार-बार ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होऊंगी। मुझे भाजपा से चरित्र प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा-जिन लोगों के खिलाफ दंगों के कई मामले हैं, वे हम पर कैसे ऊंगली उठा सकते हैं? वे धर्मनिरपेक्षता को समाप्त करना चाहते हैं। वे क्षेत्रीय पार्टियों को समाप्त करना चाहते हैं। हमारी सरकार बढ़िया काम कर रही है, इसलिए उन्हें ईर्ष्या हो रही है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियां आती-जाती रहती हैं लेकिन लोकतंत्र और सरकारें हमेशा कायम रहेंगी। अन्य नेता चुप हैं क्योंकि वे भयभीत हैं। लेकिन मुझे किसी का डर नहीं है। मुझे चुप नहीं कराया जा सकता। मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा-देश की बागडोर संभाल रहे व्यक्ति ने, कार्यभार संभालने के बाद पिछले छह महीनों के दौरान भारत में कितना समय बिताया है? ऐसा प्रतीत होता है कि उनका पता अब विदेश में है। उन्होंने एक योजना का नाम स्वच्छ भारत रखा है। पहले उन लोगों को एक ‘स्वच्छ आदमी’ खोजना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा को 2-जी जांच से हटाए जाने का जिक्र करते हुए ममता ने कहा-मैं सुप्रीम कोर्ट को सैल्यूट करती हूं। सीबीआइ की विश्वसनीयता सामने आ गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी पार्टी तुच्छ राजनीति में नहीं पड़ेगी और विकास के एजंडे पर लोगों के लिए काम करती रहेगी। ममता बनर्जी ने कहा कि 24 नवंबर से केंद्र के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने केंद्र की भेदभाव वाली राजनीति के विरोध में लोगों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 24 नवंबर को मध्य कोलकाता के कालेज स्क्वायर से गिरफ्तार होने तक तख्तियां लेकर प्रदर्शन करें।

ममता पर कठोर वाम

वाम मोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस ने ममता बनर्जी के केंद्र के बदला लेने के बयान की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि अतीत में वे भाजपा और कांग्रेस के बीच पाला बदलती रही हैं। बोस ने कहा कि उन्होंने इसी व्यक्ति को पिछला चुनाव जीतने पर बधाई दी थी, जो गुजरात दंगों के आरोपी थे।
राज्यपाल ने किया गिरफ्तारी का समर्थन

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने बोस की गिरफ्तारी का समर्थन करते हुए कहा है कि सीबीआइ ने ठोस वजह से ही उनकी गिरफ्तारी की होगी। पत्रकारों से इस पर ज्यादा कुछ बोलने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि अभी यह मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए अभी आगे कुछ बोलने का समय नहीं है।

सीबीआइ की खिंचाई

सुप्रीम कोर्ट के सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा को 2-जी जांच से हटाए जाने का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट को सैल्यूट करती हूं। सीबीआइ की विश्वसनीयता सामने आ गई है। इससे पहले कल्याणी में ममता ने कहा था कि सीबीआइ चोरों की शह पर काम कर रही है।