पीएम मोदी की अगुवाई में देश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बन गई है। रविवार शाम को शपथ ग्रहण समारोह भी हो गया जहां पर 72 मंत्रियों ने शपथ ली। दो घंटे से भी ज्यादा देर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान एक मौका ऐसा भी आया जब एक नेता से शपथ लेते दौरान बड़ी गलती हो गई और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उन्हें टोकना पड़ा।

असल में जब लुधियाना से चुनाव लड़ने वाले रवनीत सिंह बिट्टू को शपथ लेने के बुलाया गया, उन्होंने एक बड़ी गलती कर दी। उन्होंने अंग्रेजी में जब अपनी शपथ लेना शुरू किया, वे conscientiously शब्द बोलना ही भूल गए। अब हिंदी में इस शब्द का मतलब होता है- शुद्ध अंतःकरण से। अब किसी भी शपथ में इस शब्द का प्रयोग हर बार होता है, लेकिन बिट्टू इसी शब्द को मिस कर गए और राष्टर्पति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें टोक दिया। उन्होंने खुद उस शब्द को पहले कहा और फिर बिट्टू उसे दोहराने के लिए कहा।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। हर कोई इस बात से हैरान है कि आखिर कोई शपथ लेने में इस तरह की चूक कैसे कर गया। चर्चा इस बात की भी हो रही है कि बिट्टू वही मंत्री हैं जो लोकसभा चुनाव हार चुके थे। असल में इस बार बीजेपी ने बिट्टू को पंजाब की लुधियाना सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन उस राज्य में बीजेपी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रही, इसके ऊपर खुद बिट्टू कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वडिंग से 20,942 वोटों के अंतर से हार गए।

जानकारी के लिए बता दें कि मोदी 3.0 के मंत्रिमंडल में कुल 30 कैबिनेट मंत्री है, पांच स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री हैं और 36 राज्य मंत्री रखे गए हैं। ध्यान रखा गया है कि इन सभी मंत्रियों के जरिए 24 राज्यों के साथ-साथ सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व भी कवर कर लिया जाए। अगर आंकड़ों में बात करें तो पीएम मोदी के नए मंत्रिमंडल में 21 सवर्ण, 27 ओबीसी, 10 SC, 5 ST, 5 अल्पसंख्यक समाज से मंत्री रखे गए हैं।

इस बार क्योंकि बीजेपी को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है, इसी वजह से मंत्रिमंडल में 11 एनडीए के सहयोगी दलों को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा मंत्रिमंडल में छह पूर्व मुख्यमंत्री, 23 राज्यों के मंत्रियों को भी शामिल किया गया है।