Seven Lakh Vacant Posts in Central Government: केंद्र सरकार ने बुधवार (27 नवंबर 2019) ने राज्यसभा में जानकारी दी कि देशभर में अलग-अलग सरकारी विभागों में सात लाख पद खाली पड़े हैं। सरकार ने बताया कि यह आंकड़ा मार्च 2018 तक का है। यूनियन मिनिस्ट्री ऑफ पर्सनल ने संसद में बताया कि अकेले रेलवे में ही ढाई लाख से ज्यादा वैकेंसी हैं।

कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि ‘रेलवे में 2,59,369, रक्षा क्षेत्र में 1,87,054 और होम अफेयर्स में 72,365 पद खाली पड़े हैं। खाली पड़े पदों पर भर्तियां एक सतत प्रक्रिया है। जिस समय विभाग में नौकरियां रिक्त होती हैं उन्हें भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती हैं और इसके बाद फिर से नई वैकेंसी आ जाती हैं।

वहीं सरकार की तरफ से जो डाटा जारी किया गया है उसके मुताबिक 2014 के बाद से पे रोल पर हायर किए जाने वाले कर्मचारियों की संख्यां में कमी आई है। हालांकि स्वीकृत पदों की संख्या में 1.57 लाख की वृद्धि हुई है। डाटा के मुताबिक, 2014 के मार्च महीने तक स्वीकृत पदों की कुल संख्या 36.45 लाख थी।

मौजूदा समय में इसकी संख्या 38.02 लाख है। यानि की बीते पांच साल में इसमें कुल 1.57 लाख की बढ़ोतरी हुई है। सरकार ने बताया कि 2017-18 में कर्मचारियों को 1.90 लाख करोड़ रुपए के भत्ते का भुगतान किया गया जो कि 2014-15 में 1.36 लाख करोड़ रुपए था। सिंह ने कहा वैकेंसी के आधार पर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने वर्ष 2019-20 के दौरान 1,05,338 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

केंद्रीय मंत्री ने सदन में जानकारी दी कि रेल मंत्रालय और रेलवे भर्ती बोर्ड भी साल 2017-18 में 1,27,573 पदों के लिए कई केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचनाएं जारी कर चुका है। इन पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। ये भर्तियां ग्रुप सी और लेवल-1 पदों पर हो रही हैं।