मोदी सरकार के कैबनिट में गुरुवार (18 मई, 2023) को फेरबदल के बाद कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी अर्जुनराम मेघवाल को सौंप दी गई है। अभी तक किरेन रिजिजू यह मंत्रालय देख रहे थे, लेकिन अब उनसे यह जिम्मेदारी ले गई है और उन्हें पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेघवाल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में केंद्रीय संसदीय मामलों और संस्कृति राज्य मंत्री थे।

रिटायर्ड अधिकारी हैं अर्जुनराम मेघवाल

मेघवाल को कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। वह राजस्थान के बीकानेर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं और एक रिटायर्ड आइएएस अधिकारी हैं। वह राजस्थान सरकार में जिला मजिस्ट्रेट (कलेक्टर) के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं। उनके राजनीतिक करियर की बात करें तो मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में संसदीय मामलों, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण राज्य मंत्री की भूमिका निभाई। एक दशक से अधिक के राजनीतिक करियर के साथ अर्जुनराम मेघवाल भाजपा के अंदर एक प्रमुख व्यक्ति के रूप में उभरे हैं।

साल 2009 के आम चुनाव में बीकानेर से चुनाव जीतकर मेघवाल लोकसभा पहुंचे और 2014 के चुनाव में फिर से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। एक सांसद के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान मेघवाल लोकसभा में भाजपा के चीफ व्हिप थे और अध्यक्ष ने उन्हें निचले सदन में हाउस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में भी नामित किया था।

लॉ और एमबीए की भी की पढ़ाई

राजनीति में आने से पहले, मेघवाल ने सिविल सेवा, समाज सेवा, खेती और शिक्षा समेत कई तरह के क्षेत्रों में काम किया। उन्होंने एक IAS अधिकारी के रूप में अपने करियर की शुरुआत करते हुए, 1982 में राजस्थान प्रशासनिक सेवाओं के लिए सफलतापूर्वक योग्यता प्राप्त की। इसके बाद उन्हें राजस्थान उद्योग सेवा के लिए चुना गया और राजस्थान में जिला मजिस्ट्रेट (कलेक्टर) के रूप में काम किया।

13 साल की उम्र में ही हो गई थी शादी

20 दिसंबर 1953 को बीकानेर के थार रेगिस्तान में स्थित एक छोटे से गांव के बुनकर परिवार में अर्जुनराम मेघवाल का जन्म हुआ था। उन्होंने 1977 में बीकानेर के डूंगर कॉलेज से कानून में ग्रेजुएशन किया और 1979 में पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके अलावा, उनके पास एमबीए की भी डिग्री है। उनकी 13 साल की ही उम्र में शादी कर दी गई थी।

सादगी के किस्से बड़े मशहूर

सिर पर हमेशा राजस्थानी पगड़ी पहनने वाले मेघवाल की सादगी के किस्से बड़े मशहूर हैं। सरकारी गाड़ी होने के बावजूद वह साइकिल से घूमना-फिरना पसंद करते हैं। वह राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए भी साइकिल से ही पहुंचे थे। बीकानेर में रॉबर्ट वाड्रा के कथित अवैध भूमि सौदे का सबके सामने लाने में भी उनकी बड़ी भूमिका थी।

आज सुबह राष्ट्रपति भवन से एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया के अर्जुनराम मेघवाल को किरेन रिजिजू के स्थान पर उनके मौजूदा विभागों के अलावा कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा जाए। किरेन रिजिजू को जुलाई 2021 में रविशंकर प्रसाद की जगह कानून मंत्री नियुक्त किया गया था। कोर्ट में जजों की नियुक्ति में कॉलेजियम की भूमिका पर अपनी टिप्पणियों को लेकर किरेन रिजिजू पिछले दिनों काफी चर्चाओं में थे।