कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के नतीजे आ गए हैं। कांग्रेस को 24 में से 13 और बीजेपी को 6 सीटाें पर जीत मिली है। जेडीएस ने 4 सीटें पाई हैं। कांग्रेस को 16 सीटें जीतने की उम्‍मीद थी।

75 सदस्‍यीय विधान परिषद में भाजपा के सबसे ज्‍यादा 31 सदस्‍य हैं। कांग्रेस के सदस्‍यों की संख्‍या 28 है। कांग्रेस को उम्‍मीद थी कि 16 से 18 सीटें जीत कर वह भाजपा पर बढ़त बना लेगी। लेकिन उसके बागी उम्‍मीदवारों और भाजपा से कड़े मुकाबले के चलते ऐसा होता दिख नहीं रहा है।

जिन 25 सीटों पर 27 दिसंबर को वोट पड़े थे, उनमें से 12 कांग्रेस के कब्‍जे में थीं। सात भाजपा और पांच जेडी (एस) के पास थी। एक सीट पर निर्दलीय काबिज था। कांग्रेस की सिद्धरमैया सरकार को भाजपा की बढ़त के चलते विधान परिषद में कई बार मुंह की खानी पड़ी है।

चुनाव में आठ महिलाओं सहित कुल 125 उम्मीदवार उतरे थे। कांग्रेस और भाजपा ने 25 में से 20-20 सीटों पर उम्‍मीदवार उतारे थे। जेडीएस 18 सीटों पर लड़ी थी।