झारखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए दो जुलाई को मतदान होगा, जिसमें भाजपा के उम्मीदवार प्रसिद्ध पत्रकार एमजे अकबर का सीधा मुकाबला मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी से होगा। इस चुनाव में एमजे अकबर का जीतना तय माना जा रहा है।
झारखंड विधानसभा के सचिव और राज्यसभा चुनावों के लिए निर्वाचन अधिकारी सुशील सिंह ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया जिसके बाद अब चुनाव मैदान में दो उम्मीदवार हैं जिनमें भाजपा के एमजे अकबर और झारखंड मुक्ति मोर्चा के हाजी हुसैन अंसारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मतदान दो जुलाई को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा और उसी दिन शाम को परिणाम भी आने की संभावना है।
