Maratha Reservation Protest: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर जारी हिंसा और आंदोलन को लेकर बुधवार को हुई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने शिंदे सरकार के साथ एकजुटता दिखाई और आरक्षण देने के सरकार के प्रस्ताव पर समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस (बीजेपी), एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण (कांग्रेस), शिवसेना (यूबीटी) नेता अनिल परब समेत अन्य नेता मौजूद हैं। इसके साथ ही मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक में प्रस्ताव पारित कर कार्यकर्ता मनोज जरांगे से अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने की अपील की गई। ऑल पार्टी मीटिंग में मराठा आरक्षण के समर्थन में एकमत से प्रस्ताव पारित किया गया और हिंसा की घटनाओं को गलत बताया गया। सभी दलों के नेताओं ने कहा कि इससे आंदोलन की बदनामी हो रही है।

इससे पहले मराठवाड़ा के कई क्षेत्रों में आगजनी, तोड़फोड़ और सड़कों पर आंदोलन के चलते कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जारांगे पाटिल के अनशन पर बैठने के बाद से कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है। जगह-जगह दूसरे समर्थक भी अनशन पर बैठ गये हैं। मंगलवार को राज्य में सत्ता पक्ष के कुछ विधायकों और नेताओं के घरों पर भी हमले हुए और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। स्थिति से निपटने को लेकर बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी।

पुलिस का कहना है कि मराठा आरक्षण के लिए नारे लगा रहे दो लोगों को मुंबई के कोलाबा में आकाशवाणी के पास विधायकों के आवास पर राज्य मंत्री और राकांपा नेता हसन मुशरिफ की कार में तोड़फोड़ करते देखा गया। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

Live Updates

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर चल रहा आंदोलन अब हिंसा में बदल गया है।

16:26 (IST) 1 Nov 2023
मराठा आरक्षण: मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग अवरुद्ध करने को लेकर 500 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज

पुणे पुलिस ने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को अवरुद्ध करने और टायर जलाने के आरोप में मराठा आरक्षण का समर्थन करने वाले संगठनों के लगभग 500 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि मराठों को आरक्षण देने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे से पौने तीन बजे के बीच पुणे शहर में नवले पुल के पास राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया था और टायर जलाए थे।

16:11 (IST) 1 Nov 2023
मराठा आरक्षण आंदोलन: बीड में कर्फ्यू हटाया; अब तक 99 लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में बीड प्रशासन ने मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान सोमवार को हुई हिंसा के बाद जिले के कुछ हिस्सों में लगाया गया कर्फ्यू बुधवार सुबह हटा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र स्थित इस जिले में निषेधाज्ञा जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाएं अब भी बंद हैं। धाराशिव जिले के जिलाधिकारी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस जिले में बुधवार शाम पांच बजे कर्फ्यू हटा लिया जाएगा, लेकिन निषेधाज्ञा आदेश लागू रहेंगे।

15:08 (IST) 1 Nov 2023
मराठा आरक्षण आंदोलन: नागपुर मे फडणवीस के आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई

महाराष्ट्र पुलिस ने मराठा आरक्षण की मांग को लेकर राज्य के कुछ हिस्सों में चल रहे आंदोलनों को देखते हुए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के स्थानीय आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार शाम को यहां धरमपेठ इलाके के त्रिकोणी पार्क में फडणवीस के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। अधिकारी के अनुसार, उपायुक्त ने आदेश दिया कि मराठा आरक्षण आंदोलन को देखते हुए आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी जाए।

14:10 (IST) 1 Nov 2023
अन्य समुदायों के साथ अन्याय किए बिना दिया जाए आरक्षण: शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "सर्वदलीय बैठक में सभी इस बात पर सहमत हुए कि मराठा समुदाय को आरक्षण मिलना चाहिए...यह निर्णय लिया गया कि आरक्षण कानून के दायरे में होना चाहिए और अन्य समुदायों के साथ अन्याय किए बिना होना चाहिए।"

https://platform.twitter.com/widgets.js

13:50 (IST) 1 Nov 2023
मराठा आरक्षण पर सरकार के साथ आए सभी दल

https://platform.twitter.com/widgets.js

13:38 (IST) 1 Nov 2023
विधायकों की अयोग्यता मामले पर स्पीकर ने यह बात कही

विधायकों की अयोग्यता मामले पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर का कहना है, ''मैं कानून और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर फैसला लूंगा।''

https://platform.twitter.com/widgets.js

13:13 (IST) 1 Nov 2023
विधायकों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर एकमत

एनसीपी और बीजेपी के कुछ विधायकों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पथराव करने तथा उनकी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने पर सभी दलों के सदस्यों ने दोषी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर सहमति जताई। नेताओं ने राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने पूछा है कि राज्य सरकार मराठा आरक्षण से संबंधित मामले में केंद्र को शामिल क्यों नहीं कर रही है क्योंकि समाधान केवल केंद्र से ही आ सकता है।

12:53 (IST) 1 Nov 2023
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के कलेक्टर ने पहला कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी किया

https://platform.twitter.com/widgets.js

12:41 (IST) 1 Nov 2023
विधायकों ने विधानसभा के मेन गेट पर लगाया ताला, गिरफ्तार

मराठा आरक्षण आंदोलन को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे विधायकों ने बुधवार को विधानसभा के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। मुंबई पुलिस ने आरोपी विधायकों को गिरफ्तार कर लिया है।

12:38 (IST) 1 Nov 2023

https://platform.twitter.com/widgets.js

12:04 (IST) 1 Nov 2023
मराठाओं को आरक्षण नहीं मिलने पर जल त्यागने पर अडिग कार्यकर्ता जरांगे

कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बुधवार को दोहराया कि अगर मराठा समुदाय को आरक्षण देने की उनकी मांग महाराष्ट्र सरकार ने पूरी नहीं की तो वह आज शाम से पानी पीना बंद कर देंगे। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में 25 अक्टूबर से अनशन कर रहे जरांगे ने संवाददाताओं से कहा कि सभी दलों के नेताओं को महाराष्ट्र सरकार से राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने और मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए कहना चाहिए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य के कुछ हिस्सों में हिंसक रूप ले चुके मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच राज्य की स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुधवार को मुंबई में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

11:37 (IST) 1 Nov 2023
मराठा समुदाय के सदस्यों को नए कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश

महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक आदेश प्रकाशित कर अफसरों से पात्र मराठा समुदाय के सदस्यों को नए कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने को कहा, ताकि उनके लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आरक्षण लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो सके। सरकारी प्रस्ताव में अधिकारियों से कुनबियों के संदर्भ वाले और उर्दू तथा ‘मोड़ी’ लिपि (जिसका उपयोग पहले के समय में मराठी भाषा लिखने के लिए किया जाता था) में लिखे पुराने दस्तावेजों का अनुवाद करने के लिए कहा। इन दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जाएगा, प्रमाणित किया जाएगा और फिर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।

11:24 (IST) 1 Nov 2023
मराठवाड़ा के पांच जिलों में सरकारी बस सेवाएं पूरी तरह से निलंबित

मराठवाड़ा के पांच जिलों में सरकारी बस सेवाएं पूरी तरह से निलंबित कर दी गई हैं, जबकि बीड के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट बंद कर दिया गया है, जहां प्रदर्शनकारियों ने राजनीतिक दलों के नेताओं के आवासों को निशाना बनाया था। मुख्यमंत्री ने लोगों से हिंसा नहीं करने की अपील की है और राजनीतिक दलों से भी ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल होने से बचने को कहा है जिससे स्थिति खराब हो।

11:18 (IST) 1 Nov 2023
मराठा समुदाय के लिए ‘अधूरा’ आरक्षण स्वीकार नहीं करेंगे, बुधवार से पानी पीना भी बंद कर दूंगा : जरांगे

आरक्षण के लिए आंदोलनरत सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मंगलवार को कहा कि मराठा समुदाय ‘‘अधूरा आरक्षण’’ स्वीकार नहीं करेगा और महाराष्ट्र सरकार को इस मुद्दे पर राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना चाहिए। उन्होंने धमकी दी कि अगर मराठा समुदाय को ‘‘पूर्ण’’ आरक्षण नहीं दिया गया तो वे बुधवार शाम से पानी पीना बंद कर देंगे। जरांगे ने कहा कि सरकार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मराठा युवाओं को ‘‘परेशान’’ नहीं करना चाहिए अन्यथा कड़ा जवाब दिया जाएगा।

11:09 (IST) 1 Nov 2023
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने पिछड़ा आयोग से मराठा आरक्षण के लिए सर्वेक्षण करने की सिफारिश की

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को राज्य पिछड़ा आयोग से मराठा समुदाय के लिए आरक्षण के संबंध में सर्वेक्षण करने और उच्चतम न्यायालय में दायर उपचारात्मक याचिका को ‘‘त्रुटि मुक्त’’ बनाने के लिए डेटा एकत्र करने की सिफारिश की, ताकि समुदाय को आरक्षण दिया जा सके। मराठा आरक्षण पर राज्य सरकार की उपसमिति के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए यह जानकारी दी।

11:08 (IST) 1 Nov 2023
मराठा आरक्षण आंदोलन: एडीजीपी ने बीड का दौरा किया; अब तक 99 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) (कानून-व्यवस्था) संजय सक्सेना ने बीड जिले का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जहां मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीड में हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक 99 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

मंगलवार को राज्य में सत्ता पक्ष के कुछ विधायकों और नेताओं के घरों पर हमले हुए और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस का कहना है कि मराठा आरक्षण के लिए नारे लगा रहे दो लोगों को मुंबई के कोलाबा में आकाशवाणी के पास विधायकों के आवास पर राज्य मंत्री और राकांपा नेता हसन मुश्रीफ की कार में तोड़फोड़ करते देखा गया। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।