केरल हाईकोर्ट परिसर में एक शख्स ने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या करने की कोशिश की। अदालत में सुनवाई के दौरान 31 वर्षीय विष्णु ने किसी धारदार वस्तु से अपनी कलाई काट ली। पुलिस ने बताया कि त्रिशूर के रहने वाले इस व्यक्ति को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अभी तक ये पता नहीं चल सका है कि धारदार हथियार विष्णु को कहां से मिला।

यह घटना उस वक्त हुई जब अदालत विष्णु और एक महिला से जुड़ी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रही थी। यह महिला उसकी प्रेमिका होने का दावा कर रही थी। अदालत ने जब महिला को अपने परिवार के साथ जाने की अनुमति दी, तब व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की। जैसे ही कोर्ट परिसरस में मौजूद लोगों को विष्णु के अपनी कलाई काटने का पता चला वो उसे तत्काल अस्पताल ले गए। चिकित्सकों का कहना था कि समय रहते अगर शख्स को अस्पताल न लाया गया होता तो उसकी जान बचनी मुश्किल थी। फिलहाल वो सामान्य हालत में है।

विष्णु पर था 23 साल की लॉ स्टूडेंट को बंदी बनाने का आरोप

हाईकोर्ट 23 साल की लॉ स्टूडेंट के पिता की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था जिसमें उन्होंने विष्णु पर आरोप लगाया था कि उसने उनकी बेटी को बंदी बना रखा है। पिता के मुताबिक 14 अगस्त से उनकी बेटी लापता है। उनका कहना था कि विष्णु एक बेरोजगार शख्स है। वो शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। लड़की को जब पुलिस ने कोर्ट में पेश किया तो उसने कहा कि वो अपने परिजनों के साथ जाना चाहती है। उसके बाद विष्णु हताश हो गया। वो जस्टिस अनु शिवरमन के चेंबर के पास गया और अपनी कलाई की नस काट ली।

पुलिस का कहना है कि कोर्ट परिसर में कलाई की नस काटने के लिए विष्णु के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक जो कुछ उसने किया वो पूरी तरह से गैरकानूनी है। अस्पताल से बाहर आने के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।