मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में शुक्रवार को फिर से हिंसा भड़क उठी। पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान एक महिला की मौत हो गई और एक किसान को गोली लग गई। यह घटना उस वक्त हुई जब सुरक्षाबलों ने संदिग्ध बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे फुबाला अवांग मानिंग लेईकाई गांव का एक किसान, निंगथौजम बीरेन सिंह, अपने धान के खेत में काम कर रहा था, तभी किसी अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। घायल अवस्था में पहले उसे बिष्णुपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, अब उसकी हालत स्थिर है।
सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया
घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, फुबाला, हेइचांगलोक और लैंगचिंगमनबी गांवों के पश्चिमी हिस्सों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
इसी तलाशी अभियान के दौरान चुराचांदपुर जिले में गोलीबारी हुई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मणिपुर पुलिस का कहना है कि जब संयुक्त बलों की टीम पहाड़ी इलाके में घुसी, तो कुछ संदिग्ध भागने लगे और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान महिला गोलीबारी की चपेट में आ गई।
मणिपुर में लोकप्रिय सरकार बनाने के लिए सहमत हैं अमित शाह, बीरेन सिंह ने बताया किस आधार पर होगा फैसला
मृतक महिला की पहचान होइखोल्हिंग के रूप में हुई है, जो लंगचिंगमनबी गांव के मुखिया की पत्नी थीं। कुकी-जो समुदाय के संगठनों ने उनकी पहचान की पुष्टि की है। शव को पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया के लिए चुराचांदपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।
मणिपुर पुलिस ने बताया कि घटनाओं की जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही सुरक्षा बलों द्वारा संदिग्ध बदमाशों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है। यह घटना उस समय हुई है जब तलहटी इलाकों में कुछ महीने से शांति बनी हुई थी। अब पुलिस ने साफ किया है कि खेती करने वाले किसानों की सुरक्षा को लेकर विशेष समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।