लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections) में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने विपक्षी इंडिया गठबंधन का फेस कौन होगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। इंडिया गठबंधन में शामिल तमाम दलों के नेता चाहते हैं कि उनकी पार्टी के चीफ को पीएम उम्मीदवार घोषित किया जाए। इस सबके बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है, जो सीट शेयरिंग की तरफ इशारा कर रहा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तरी 24 परगना में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन देशभर में BJP से मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस लड़ाई का नेतृत्व उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस करेगी।
इस दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी पर नागरिकता के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सियासी फायदे के लिए नागरिकता के मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि भारत अब एक ऐसा लोकतंत्र है जो केंद्रीय एजेंसियों द्वारा संचालित हो रहा है।
ममता बनर्जी ने और क्या कहा? जानिए बड़ी बातें
- ममता बनर्जी ने कहा कि माकपा, BJP और कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में गठबंधन बनाया है और सक्रिय रूप से हमारे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। विपक्षी इंडिया गठबंधन नेशनल स्तर पर BJP का मुकाबला करेगा जबकि पश्चिम बंगाल में BJP के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व टीएमसी करेगी।
- ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश मूल के लोगों की बड़ी आबादी तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से BJP पर राजनीतिक लाभ के लिए नागरिकता के मुद्दे में हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले जिलाधिकारी नागरिकता से जुड़े मामलों का फैसला करते थे, लेकिन अब उनसे ये शक्तियां छीन ली गई हैं। यदि लोगों के पास नागरिकता नहीं होगी, तो वे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ कैसे उठा पाएंगे?